हेलो...आपको बूस्टर डोज लगना है, जल्दी ओटीपी बताइए
बुलंदशहर। साइबर ठग लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब शातिर ठग लोगों को वैक्सीन की बूस्टर डोज लगवाने के नाम पर ठगी करने पर उतर आए हैं। आरोपी कॉल कर लोगों को रजिस्ट्रेशन करने के बहाने उनके मोबाइल पर ओटीपी नंबर भेजकर उनके खाते से रकम उड़ा रहे हैं।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण एक बार फिर से अपने पैर पसारने लगा है। सरकार लोगों से वैक्सीन लगवाने के लिए अपील कर रही है कि जल्द से जल्द वैक्सीन लगवा लें। साथ ही सरकारी कर्मचारियों को भी बूस्टर लगवाने का कहा जा रहा है। साइबर ठग अब इसी बूस्टर डोज के नाम पर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। आरोपी कॉल करके संबंधित व्यक्ति से अपना रजिस्ट्रेशन कराने को कहते हैं और उससे मोबाइल पर भेजा गया ओटीपी नंबर जान लेते हैं। ओटीपी बताते हुए पीड़ित के खाते से रकम उड़ा दी जाती है। जनपद में भी इस तरह के दो मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, अधिकारी ऐसे मामलों से बचने के लिए लोगों से अपील कर रहे हैं कि वह अपने मोबाइल पर आया ओटीपी नंबर किसी को न बताएं और किसी के झांसे में न आएं।
ये हुए शिकार
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा निवासी आकाश कुमार ने बताया कि गत तीन जनवरी को उनके फोन पर किसी अनजान व्यक्ति ने कॉल की। पीड़ित ने अपनी वैक्सीन की दोनों डोज ली हुई हैं। आरोपी ने फोन कर कहा कि उनको वैक्सीन की बूस्टर डोज लगनी है। साथ ही आरोपी ने रजिस्ट्रेशन की बात कहते हुए उनके फोन पर एक ओटीपी भेजा। वह ओटीपी पीड़ित ने आरोपी को बता दिया। कुछ ही देर में पीड़ित के फोन पर बैंक का मेसेज आया, जिसमें उसके खाते से 21 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश अंकित था। ऐसा ही दूसरा मामला खुर्जा का है। मोहल्ला सराय नसरूल्ला निवासी देवेश के खाते से भी शातिरों ने इसी तरह ठगी कर 16,500 रुपये निकाल लिए। दोनों ने एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई।
ये बरतें सावधानी
- बूस्टर डोज के लिए कॉल आए तो सावधान रहें
- कोई ईमेल या मेसेज पर बिना जांच के क्लिक न करें
- अपना खाता नंबर, ओटीपी या आधार नंबर भी किसी को न बताएं
बूस्टर डोज लगवाने या अन्य तरह से हो रहे साइबर ठगी से बचने के लिए लोगों को भी जागरूक होने की आवश्यकता है। अपनी निजी जानकारी को किसी के साथ शेयर न करें। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी