लॉटरी के लालच में खाली हो सकता है खाता
बुलंदशहर। दीपावली का त्योहार आते ही साइबर अपराधी सक्रिय हो गए हैं। बड़ी संख्या में लोगों के फोन व व्हाट्सएप पर मेसेज भेजकर लाखों की लॉटरी जीतने का झांसा दिया जा रहा है। आरोपी लिंक भेजकर उस पर क्लिक करते हुए बैंक की जानकारी मांग रहे हैं। लिंक पर क्लिक करते ही खाते से पैसे कट जा रहे हैं।
मेसेज के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि आपको लकी ड्रॉ के माध्यम से विजेता घोषित किया गया है। अब धनराशि क्लेम करने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करते हुए अपने पैन कार्ड, बैंक खाता और आधार कार्ड की जानकारी देनी होगी। हालांकि जिले में अभी तक साइबर एक्सपर्ट के सामने ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है, लेकिन बड़ी संख्या में फ्रॉड मेसेज से लोग परेशान हो रहे हैं।
क्यूआर कोड को स्कैन न करें
- किसी भी प्रकार के लिंक पर कोई क्लिक न करें।
- किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक, पैन कार्ड और आधार कार्ड की जानकारी साझा न करें।
- मोबाइल पर कोई भी व्यक्ति बैंककर्मी होने का दावा करे तो उसके झांसे में न आएं।
- पेमेंट रिसीव करने के लिए किसी भी प्रकार का क्यूआर कोड स्कैन न करें।
साइबर ठग फर्जी मेसेज भेजकर लोगों को झांसे में लेते हैं। इन लिंक पर क्लिक करना और गोपनीय जानकारी साझा करना नुकसान दे सकता है। ऐसे फर्जी मेसेज और फोन पर गोपनीय जानकारी लेने वालों से बचें। कोई भी फ्रॉड होने पर तत्काल साइबर एक्सपर्ट से शिकायत करें। - अखिलेश गौड़, इंस्पेक्टर साइबर क्राइम