अनूपशहर। प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और पांच बार के विधायक रहे प्रो. किरनपाल सिंह को अनूपशहर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने समन जारी करते हुए तलब किया है। जिसमें सुनवाई की अग्रिम तारीख 16 मार्च तय की गई है।
विशेष लोक अभियोजक हितेंद्र वर्मा ने बताया कि 2012 में कोतवाली नगर बुलंदशहर में उप निरीक्षक नरेश पाल सिंह ने पूर्व विधायक के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। उपनिरीक्षक नरेश पाल सिंह ने बताया था कि 19 जनवरी 2012 को डीएवी तिराहे के निकट चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से रालोद-कांग्रेस संयुक्त प्रत्याशी किरनपाल सिंह बिना अनुमति व प्रिंटिंग प्रेस का नाम स्पष्ट किए प्रचार सामग्री ले जा रहे थे। जोकि आचार संहिता का उल्लंघन था। जिसके बाद विधानसभा प्रत्याशी की प्रचार सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में 2013 में हाईकोर्ट ने स्टे का आर्डर दिया था।
2018 में तत्कालीन सीजेएम बुलंदशहर के न्यायालय द्वारा संज्ञान लेकर पुनः कार्रवाई शुरू की गई। अब यह मामला अनूपशहर स्थित एमपी एमएलए कोर्ट में सुनवाई के लिए स्थानांतरित हुआ। एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट के न्यायाधीश विनय कुमार सिंह चतुर्थ ने पूर्व विधायक प्रो. किरनपाल सिंह को समन जारी करते हुए तलब किया है।