फेल होने के बाद आगे नहीं पढ़ाने की पिता की डांट से नाराज छात्र पिछले 16 दिन से घर से गायब है। खास बात यह कि छात्र यूपी बोर्ड में 12वीं में फर्स्ट डिवीजन से पास हुआ है। बेटे की काफी खोजबीन करने के बाद पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस छात्र की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक चंद्रपुरा गांव निवासी हकीकत खां किसान हैं। उन्होंने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 16 दिन पूर्व अपने पुत्र इरकान को परीक्षा में फेल होने पर आगे नहीं पढ़ाने की चेतावनी दी थी। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व वह एक बार फेल हो चुका था।
इस पर पिता ने नाराज होकर इरकान घर छोड़कर चला गया। छात्र के जाने के बाद जब यूपी बोर्ड के 12वीं का रिजल्ट आया तो वह फर्स्ट डिवीजन पास था। छात्र ने प्राइवेट परीक्षा दी थी।
हकीकत खां ने ने बताया कि छात्र की तमाम रिश्तेदारियों में तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। रविवार को उन्होंने थाने में छात्र की गुमशुदगी दर्ज कराई है। वहीं, एसओ गुलावठी ब्रिमेश कुमार यादव ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश की जा रही है।