चुनावी रंजिश में भाजयुमो जिला अध्यक्ष के काफिले पर फायरिंग
सिकंदराबाद। गांव दुल्हेरा में चुनावी रंजिश को लेकर भाजयुमो के जिला अध्यक्ष के काफिले पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि भाई के साथ मारपीट की शिकायत पुलिस से करने पर दूसरे पक्ष ने फायरिंग की है। फायरिंग में जिला अध्यक्ष व अन्य लोग बाल-बाल बच गए। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
भाजयुमो के जिला अध्यक्ष दीपक दुल्हेरा ने बताया कि ग्राम प्रधान के चुनाव में उनकी भाभी जीती थीं। दूसरा पक्ष तभी से उनसे रंजिश रखने लगा। मंगलवार सुबह गांव में जेसीबी से नालियों की सफाई उनके भाई द्वारा कराई जा रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए और अभद्रता करने लगे। मारपीट पर उतारू हो गए। मामले की शिकायत पुलिस से करने पर आरोपी आक्रोशित हो गए।
शाम के समय वह भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम से साथियों के साथ वापस गांव लौट रहे थे। आरोप है कि गांव में पहुंचने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर व उनके साथ चल रही गाड़ियों पर फायरिंग शुरू कर दी।
मामला गांव में सफाई को लेकर मारपीट का है। दीपक दुल्हेरा के भाई ने सुबह मारपीट की तहरीर पुलिस को दी है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी मामले में तहरीर दी है। दोनों मामलों की जांच की जा रही है। साथ ही फायरिंग के आरोपों की भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- नम्रता श्रीवास्तव, सीओ सिकंदराबाद