अनूपशहर में ट्रक में लगी आग को बुझाते फायरकर्मी। संवाद
अनूपशहर। थाना क्षेत्र में अनूपशहर-अलीगढ़ मार्ग पर रुपवास पुलिस चौकी के निकट शनिवार तड़के चार बजे गत्ते से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसके बाद उसमें आग लग गई। खेत पर काम कर रहे किसानों ने ट्रक के अंदर से दो सगे भाइयों को घायलावस्था में बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया।
गत्ते से भरा ट्रक राजस्थान के धौलपुर से काशीपुर उत्तराखंड के लिए जा रहा था। अनूपशहर के गांव रूपवास के नजदीक पहुंचने पर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें उसमें भयंकर आग लग गई। जिस समय ट्रक पलटा उस दौरान ट्रक में मौजूद ओमवीर और उसका भाई भोला निवासी जिला धौलपुर राजस्थान सो रहे थे। ट्रक पलटने के बाद जोरदार आवाज हुई, जिसके बाद उसमें से आग की लपटें निकलने लगी। इस दौरान खेत में काम कर रहे किसान वीरेंद्र चोपड़ा मौके पर पहुंचे और ट्रक का शीशा तोड़ घायल भोलू और ओमवीर को बाहर निकाला। घटना की सूचना चौकी पुलिस को दी।
घायल भोलू ने बताया कि उन्होंने आधे घंटे एंबुलेंस का इंतजार किया, लेकिन आधे घंटे तक एंबुलेंस ना आने के बाद किसान वीरेंद्र चोपड़ा घायलों को अपनी मोटरसाइकिल से लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। जहां उनका प्राथमिक उपचार देने के बाद अलीगढ़ हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं, ट्रक चालक सतीश फरार है। चौकी प्रभारी रूपवास ने बताया कि चालक के झपकी आने की वजह से ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा है, जिसकी वजह से उसमें आग लगी। मौके पर फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग को बुझा दिया गया। किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।