फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भयावह होता जा रहा डेंगू, मौत के बाद आ रही रिपोर्ट

विज्ञापन
बुगरासी में बुखार से मृतक छात्र आशीष का फाइल फोटो। - फोटो : BULANDSHAHR
विज्ञापन
भयावह होता जा रहा डेंगू, मौत के बाद आ रही रिपोर्ट
विज्ञापन

बुलंदशहर। बुखार का प्रकोप बढ़ने के साथ जिले में डेंगू के आंकड़े भी दिन-प्रतिदिन बढ़ने लगे हैं। बृहस्पतिवार को 12 और लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें से दो लोगों की मौत हो चुकी है। अब जिले में डेंगू के 86 केस हो गए हैं। वहीं, 584 संदिग्ध डेंगू के केस भी सामने आ चुके हैं।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बुखार का प्रकोप है। स्थिति यह है कि हर दूसरे घर में कोई न कोई सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित है। बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। डेंगू के संदिग्ध केसों के साथ पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़ने पर जिला अस्पताल में 30 बेड आरक्षित किए गए हैं। इसमें 27 पर मरीज भर्ती हैं। बृहस्पतिवार को मेरठ से आई रिपोर्ट में 12 और लोगों की एलाइजा जांच में डेंगू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। पॉजिटिव आए लोगों में दो की पहले ही मौत हो चुकी है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में 155 लोगों का सैंपल लेकर एनएस-1, आईजीजी और आईजीएम किट से जांच की गई। जांच में एनएस-1 किट से लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
विज्ञापन

एनएस-1 किट से पॉजिटिव आने वालों का भेजा जा रहा सैंपल
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. रमित कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 4833 लोगों का एनएस-1 किट से सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है। इसमें 380 लोग जिला अस्पताल में, 88 स्वास्थ्य शिविर के दौरान और 112 लोग अन्य शहरों में जांच के दौरान पॉजिटिव मिले। डेंगू की पुष्टि के लिए संबंधित का सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजा गया। जिसकी रिपोर्ट मिलने में देरी हो रही है। बृहस्पतिवार को नगर के शास्त्री नगर, कृष्णानगर, रेसकोर्स कालोनी, देवीपुरा प्रथम, धमैड़ा अड्डा, चांदपुर फाटक, भूड़, सुशीला विहार और नुमाइश मैदान के पास आदि क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। इस दौरान एक कूलर में लार्वा मिलने पर नोटिस जारी करते हुए एंटी लार्वा का छिड़काव करा दिया गया।
अब तक के आंकड़े
एनएस-1 के कुल सैंपल - 4833
एनएस-1 से आए पॉजिटिव - 468
बाहरी जनपदों में एनएस-1 से मिले पॉजिटिव - 112
एलाइजा से आए पॉजिटिव - 86
आईजीएम किट से मिले पॉजिटिव - 04
सिकंदराबाद में एक ही परिवार के तीन सदस्य समेत 12 लोगों की रिपोर्ट मेरठ से पॉजिटिव प्राप्त हुई है। इसमें बीबीनगर और जहांगीराबाद निवासी एक-एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। जिनकी रिपोर्ट अब प्राप्त हुई है। कुल पॉजिटिव में 80 फीसदी से अधिक लोग स्वस्थ हैं। शेष लोगों का उपचार किया जा रहा है।
- डॉ. रोहताश यादव, एसीएमओ
बुखार से गांव घुंघरावली में 12वीं के छात्र तो दानपुर में 40 वर्षीय महिला की मौत
बुगरासी/दानपुर। बुगरासी क्षेत्र निवासी 12वीं के छात्र और दानपुर निवासी 40 वर्षीय महिला की बुखार से मौत हो गई।
गांव घुंघरावली निवासी 18 वर्षीय आशीष पुत्र त्रिलोकचंद को पिछले तीन दिन से बुखार था। ऊंचागांव सीएचसी पर भर्ती कराने के बाद स्वास्थ्य में सुधार न होने पर परिजनों ने मेरठ में भर्ती कराया था। बुधवार को आशीष को खून की उल्टी हुई, इसके बाद उसने दम तोड़ दिया। इससे पूर्व क्षेत्र के गांव बुकलाना में दो, निजामपुर में एक, किरयावली में एक, घुंघरावली में दो व्यक्तियों की बुखार से मौत हो चुकी हैं।
विज्ञापन

डिबाई तहसील क्षेत्र के गांव दानपुर स्थित ब्लाक मार्ग पर उमेश कुमार की 40 वर्षीय पत्नी राजमाला पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थी। सीएचसी से उन्हें चार दिन पूर्व अलीगढ़ रेफर किया गया था। बृहस्पतिवार को महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें