पीजी में दूसरे दिन 300 छात्रों ने लिए दाखिले
बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में पीजी की कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया बृहस्पतिवार को भी जारी रही। इस दौरान 300 से अधिक सीटों पर प्रवेश हुए। प्रवेश प्रक्रिया शुक्रवार को भी जारी रहेगी। जिले के कॉलेजों में पीजी कक्षाओं में चार हजार सीटों पर प्रवेश होने हैं। अब तक 2600 से अधिक सीटों पर प्रवेश हो चुके हैं।
सीसीएसयू मेरठ से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में एमए, एमएससी और एमकॉम में छात्रों की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। विवि द्वारा अब तक दो कटऑफ जारी कर दी गई है। अब दूसरी कटऑफ की प्रवेश कॉलेजों में चल रहे हैं। कॉलेजों ने अलग-अलग काउंटर बनाकर छात्रों के प्रवेश किए गए। नगर के डीएवी पीजी कॉलेज में अर्थशास्त्र विषय में छह, अंग्रेजी में छह, हिंदी में पांच, इतिहास में चार, राजनीति शास्त्र में चार, सोशल साइंस में एक, रसायन विज्ञान में तीन और गणित विषय के पाठ्यक्रम में चार प्रवेश हुए हैं। आईपी पीजी कॉलेज प्रथम कैंपस में एमकॉम में सात, बॉटनी में एक, जूलॉजी में एक और रसायन विज्ञान पाठ्यक्रम में दो छात्रों के प्रवेश हुए हैं।
पीजी की दूसरी कटऑफ में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इस समय विवि की दूसरी कटऑफ के तहत प्रवेश चल रहे हैं। इसमें शामिल छात्र-छात्राएं निर्धारित समय तक अपने प्रवेश सुनिश्चित करवा लें। इसके बाद शेष सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया विवि की ओर से जारी होने वाले आगामी आदेश के बाद किए जाएंगे।
- डॉ. अरविंद कुमार, प्राचार्य, आईपी पीजी कॉलेज प्रथम परिसर बुलंदशहर।