जिले में पहुंची 2200 मीट्रिक टन खाद, मिलेगी राहत
बुलंदशहर। जिले में 2200 मीट्रिक टन खाद पहुंच गई है। इसके अलावा खाद की एक और रैक जल्द पहुंचने वाली है। जिला कृषि अधिकारी का दावा कि खाद मिलने से अब कमी दूर हो गई है। उन्होंने कहा कि जिले में ओवर रेट खाद नहीं बेचने दी जाएगी।
जिले में इस समय गेहूं समेत अन्य फसल बोने के लिए किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। हालांकि कई बार जिले में खाद की आपूर्ति हुई, बावजूद इसके खाद की कमी खलने लगी। पिछले कई दिनों से समितियों पर खाद नहीं रहा और किसानों को अपनी फसल बोने की चिंता सताने लगी थी, लेकिन अब जिले में 2200 मीट्रिक टन खाद पहुंच गया है। अफसरों का कहना है कि अब खाद की कमी नहीं रहेगी। जल्द ही एक और रैक खाद की आने वाली है। जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया ने बताया कि जिले में खाद की कमी को दूर करने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। साथ ही शासन से लगातार खाद उपलब्ध करवाने के लिए संपर्क किया जा रहा है। किसानों को चिंता करने की कोई बात नहीं है और उन्हें हर हाल में खाद उपलब्ध करवाया जाएगा।