स्याना। फुंके ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग कर किसानों ने शनिवार को करौठी विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर जेई को ज्ञापन सौंपा। किसान महेशचंद त्यागी ने कहा कि क्षेत्र के गांव चांदपुर पूठी में पिछले 10 दिन से ट्रांसफार्मर फुंका हुआ है। बार-बार शिकायत के बाद भी ऊर्जा निगम द्वारा ट्रांसफॉर्मर नहीं बदलवाया गया है।
उन्होंने कहा कि गांव में बिजली न होने से किसानों की ज्वार, मक्का व आम की फसलें सूख रही हैं। आटा चक्की बंद है। पशुओं को पीने के लिए पानी की समस्या गंभीर हो गई है। किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो अनिश्चित कालीन धरना दिया जाएगा। इस दौरान अनिल त्यागी, साजिद, चिन त्यागी, दानिश अंसारी, मोनू व फरमान चौधरी आदि मौजूद रहे। जेई सुंदरलाल ने बताया कि उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट बनाकर भेजी गई है। ट्रांसफार्मर को बदलवाया जा रहा है। संवाद