विद्या ज्ञान स्कूल में प्रवेश के लिए प्रारंभिक परीक्षा 10 को
बुलंदशहर। विद्या ज्ञान स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले बच्चों को प्रारंभिक लिखित परीक्षा देनी होगी। इसके लिए जिले भर में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रारंभिक लिखित परीक्षा दो पालियों में 10 अप्रैल को होगी।
आगामी शिक्षा सत्र 2022-23 के लिए विद्या ज्ञान स्कूल में प्रवेश के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों (जिनकी वार्षिक आय एक लाख से कम हो) के कक्षा पांच व छह में अध्ययनरत मेधावी बच्चों से आवेदन मांगे गए थे। संबंधित ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में 14 मार्च 2022 तक आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि निर्धारित थी, जिससे अब आवेदन कर चुके बच्चों को प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक लिखित परीक्षा के लिए लगभग सभी ब्लॉकों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। इस पर विचार किया जा रहा है और जल्द ही परीक्षा केंद्र बना दिए जएंगे। परीक्षा दो पालियों में सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक और अपरान्ह 2.30 बजे से 4.30 बजे तक होगी। परीक्षा को शांतिपूर्वक करवाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।