प्रशासन ने स्कूल के लिए शुरू की जमीन की तलाश
बुलंदशहर। जहांगीराबाद ब्लॉक के 11 गांवों की बेटियों की पढ़ाई को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। नजदीक में स्कूल-कॉलेज बनवाने के लिए जमीन की तलाश शुरू हो गई है। जमीन मिलते ही स्कूल के निर्माण का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। फिलहाल बेटियों की पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए सुनसान सड़कों पर पुख्ता सुरक्षा रहेगी। स्कूल खुलने के बाद स्कूल आते-जाते बेटियों की सुरक्षा में डायल-112 तैनात रहेगी।
जहांगीराबाद ब्लॉक के बामनपुर ताल्लुका, भिरौली, आंजनी, बांसुरी, तहगौरा, खनपुरा, नौबतपुर, कोठरा कुरैना, फतेहपुर, जुगसाना कलां, जुगसाना खुर्द गांव में कक्षा पांच और आठ के बाद आगे की पढ़ाई की व्यवस्था नहीं है। इंटरमीडिएट और डिग्री कालेज 12 से 15 किलोमीटर दूर हैं। शोहदों की छेड़छाड़ के डर से परिजनों ने आगे की पढ़ाई के लिए बेटियों को स्कूल भेजना ही बंद कर दिया। इन बेटियों को सुनसान रास्तों से होकर ईलना और अनूपशहर रोड पर रौंडा स्थित इंटरमीडिएट कालेज में जाना पड़ता था। जनवरी 2021 में बेटियों के साथ शोहदों ने छेड़छाड़ की तो 11 गांव की ज्यादातर छात्राओं की पढ़ाई बंद करा दी गई। अमर उजाला ने अभियान चलाकर इन गांव की समस्या को उठाया तो पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का इस ध्यान गया। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि बेटियों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास जमीन तलाश कराई जा रही है। जमीन मिलने के बाद विद्यालय निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया जाएगा। सरकार भी बेटियों की शिक्षा को लेकर गंभीर है। यहां जल्द बेटियों के लिए इंटरमीडिएट स्कूल तैयार हो जाएगा। एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि विद्यालय खुलने के बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। स्कूल जाने और आने के समय डायल-112 तैनात की जाएगी।
मंगलवार को डीएम से मिलेंगे प्रधान और ग्रामीण
बेटियों के इंटरमीडिएट तक कालेज की मांग को लेकर मंगलवार को बामनपुर ताल्लुका, भिरौली, आंजनी, बांसुरी, तहगौरा, खनपुरा, नौबतपुर, कोठरा कुरैना, फतेहपुर, जुगसाना कलां, जुगसाना खुर्द आदि गांव के प्रधान और लोग जिलाधिकारी से मिलेंगे। बामनपुर ताल्लुका के प्रधान श्रीपाल सिंह ने बताया कि ग्रामीण इंटरमीडिएट कालेज की मांग करेंगे, जिससे हमारे क्षेत्र की बेटियां भी पढ़कर आगे बढ़ सकें।