एलईडी, इंटरलॉकिंग निर्माण में 27 लाख रुपये का गबन
बुलंदशहर। ग्राम पंचायत उटरावली में एलईडी, इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण संबंधित विकास कार्यों के नाम पर 27 लाख रुपये गबन का मामला सामने आया है। अब इस राशि की रिकवरी पूर्व प्रधान और ग्राम सचिव से की जाएगी। साथ ही तत्कालीन ग्राम सचिव की मौत होने के बाद उसको मिलनेे वाली देय राशि से भी रिकवरी की जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी प्रीतम सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत उटरावली के ग्रामीण हरेंद्र सिंह, राहुल और सहदेव ने शिकायत देकर गांव में हुए विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया था। शिकायत मिलने पर इसकी जांच करवाई गई। जांच के दौरान गांव में लगाई गई एलईडी, इंटरलॉकिंग और नाली निमार्ण में अनियमितता पाई गई थी। जांच आख्या के अनुसार, विकास कार्यों में व्यय की गई 27 लाख 15 हजार 842 रुपये का गबन उजागर हुआ। इस पर बुधवार को आदेश जारी किया गया है कि इस राशि में से आधी राशि 13 लाख 57 हजार 921 पूर्व प्रधान गीता देवी से वसूल की जाएगी, जबकि तत्कालीन ग्राम सचिव मनोज कुमार से दो लाख 211 रुपये वसूल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि तत्कालीन ग्राम सचिव सतीश कुमार की मौत हो चुकी है। अब उसके देय से 11 लाख 57 हजार 709 रुपये काटे जाएंगे। पूर्व प्रधान यदि 15 दिन में राशि जमा नहीं करती हैं तो फिर भू-राजस्व की भांति ब्याज समेत इस राशि को वसूल किया जाएगा।
इन विकास कार्यों में मिली जांच के दौरान अनियमितता
डीपीआरओ के अनुसार, जांच के दौरान गांव में तीन लाख 72 हजार 800 की एलईडी लाइट लगाने के निकाली गई थी, लेकिन लाइट मौके पर नहीं मिली। इसके अलावा गांव में बनाए गए शौचालय के निर्माण में अनियमितता पाई गई। कई जगह इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण, सीसी स्लैब, टाइल और सीसी बनाने के नाम पर भी 27 लाख में से शेष राधि निकाली गई। इस राशि में से किसी काम का भुगतान नहीं किया गया तो किसी जगह दर्शाया गया काम नहीं मिला है।