बुलंदशहर/औरंगाबाद। 33 केवीए लाइन में फाल्ट से अंसारी रोड और हाईडिल कॉलोनी बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों के 10 हजार लोगों की बिजली सप्लाई प्रभावित रही। बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे से करीब 10 बजे तक बिजली सप्लाई न होने के कारण लोग परेशान रहे। ऐसे में सुबह के समय पेयजल की भी समस्या रही। औरंगाबाद में तीन दिन से उपभोक्ता बिजली कटौती झेल रहे हैं।
नगर के डीएवी कॉलेज के पास अंडरग्राउंड 33 केवीए लाइन में फाल्ट हो गया। इसके चलते नगर के दो बिजलीघरों से जुड़े अंसारी रोड, अस्पताल रोड, चांदपुर रोड, काला आम, शेखसराय, टीचर्स कॉलोनी, शास्त्री नगर, राधा नगर, आदर्श नगर, बाईपास रोड, मोहनकुटी, इंद्रलोक कालोनी समेत अन्य क्षेत्रों में सुबह करीब छह बजे से 10 बजे तक बिजली सप्लाई प्रभावित रही। सुबह के समय करीब 10 हजार घरों के लोग बिजली सप्लाई न होने से परेशान नजर आए। फाल्ट की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन करीब चार घंटे में फाल्ट ठीक हो सका। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
तीन दिन से 30 घंटे गुल रही बिजली
औरंगाबाद में भीषण गर्मी में बिजली को लेकर पिछले तीन दिन से उपभोक्ताओं को परेशानियां हो रही है। आलम है कि पिछले तीन दिन में तीस घंटे से अधिक की विद्युत कटौती हो चुकी है।
मूढ़ी बकापुर विद्युत उपकेंद्र पर पिछले तीन दिन से लाइन बदलने का कार्य चल रहा है। जो सुबह नौ से लेकर दोपहर दो बजे तक चलता है। इस दौरान पूरे नगर की विद्युत आपूर्ति ठप रहती है। उसके बावजूद घंटों आपूर्ति बाधित रहती है। बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से भीषण गर्मी में लोगो का हाल बेहाल रहता है। मंगलवार को दिन में आठ घंटे की कटौती रहने के बावजूद पूरी रात बिजली गुल रही। बुधवार दिन में फिर से आठ घंटे बिजली गुल रही। बृहस्पतिवार को दिन में भी आठ घंटे की कटौती रही। उपभोक्ताओं का कहना है कि ठंड के मौसम में लाइन बदलनी चाहिए। उन्होंने एसएसओ पर उपभोक्ताओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है। एसडीओ कुलदीप ने बताया कि शुक्रवार तक अधिकतर समस्या का समाधान हो जाएगा। छोटे- छोटे कामों को जल्द ही पूरा करा दिया जाएगा।
सात बजे से पूर्व लाइन में फाल्ट आने पर पेट्रोलिंग कराई गई। सेक्शन खोल-खोलकर चेक करनी पड़ी। ओवरहेड बक्से के पास फाल्ट मिला। जिसे सही करा करीब साढ़े नौ बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई। - एसके पांडे, एक्सईएन नगर