20 से अधिक स्थानों पर ईवीएम खराब, मतदाता रहे परेशान
बुलंदशहर। जिलेभर के 20 से अधिक बूथों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आ गई। जिससे मतदान में बाधा पड़ी। हालांकि चुनाव आयोग ने तत्काल प्रभाव से खराब ईवीएम को बदलवाकर मतदान प्रक्रिया सुचारु करवाई।
सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र में तकनीकी खराबी के कारण तीन बूथों पर ईवीएम बदली गई। यहां पर बूथ नंबर 109, 358 और 377 पर ईवीएम मशीन को बदला गया। जबकि बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्र के गांव मिर्जापुर के बूथ नंबर 384 पर ईवीएम की बैलेट यूनिट खराब हो गई। इसे भी तत्काल बदला गया। इसी तरह खुर्जा क्षेत्र के गांव धोरऊ में बने पोलिंग बूथ 368 पर तकनीकी खराबी के चलते एक घंटे तक मतदान रुका रहा। सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने दूसरी ईवीएम मशीन लगवाकर मतदान को चालू कराया। गांव किसौली में फर्जी वोट डालने पर हंगामे की सूचना कंट्रोल रूम को मिली। पता चला कि यहां पर भाजपा व गठबंधन के समर्थकों के बीच बहस हुई।
अरनिया क्षेत्र के गांव सूरतकला में भी मशीन न चलने की शिकायत मिली। अनूपशहर क्षेत्र के बूथ नंबर 421 पर दो बार ईवीएम खराब होने की शिकायत मिली। जिसकी सूचना पाते ही सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि ने मशीन की तकनीकी खराबी को दूर करवाने का काम किया। डिबाई क्षेत्र के गांव तेलिया नगला के बूथ नंबर 29 और छतुरिया के बूथ नंबर 33 पर भी ईवीएम खराब होने के कारण दो घंटे मतदान बाधित रहा। इस दौरान मतदाताओं को काफी इंतजार करना पड़ा और तकनीकी खराबी दूर होने के बाद ही मतदान शुरू होने पर मतदाताओं ने राहत की सांस ली। खुर्जा के पॉलीटेक्निक में बने बूथ पर व्हील चेयर और अन्य साधन न होने की भी कंट्रोल रूम को शिकायत मिली। इसकी जानकारी अधिनस्थ अधिकारियों ने क्षेत्र के अधिकारियों को दी। नगर के ऊपर कोट पर बने पोलिंग बूथ पर एक युवक द्वारा मोबाइल फोन लेकर जाने की शिकायत मिली। इसी तरह गांव ततारपुर और नगर के मुस्लिम इंटर कॉलेज में समेत अन्य कई बूथों पर ईवीएम खराब होने की शिकायत मिली। इन्हें तत्काल बदलकर मतदान शुरू कराया गया।
लखनवाड़े में सड़क की मांग को लेकर रोका मतदान
खुर्जा। अरनिया क्षेत्र के गांव लखनावड़े में सड़क बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। सुबह करीब 18 मत डल चुके थे। इसके बाद ग्रामीणों मतदान करने से इनकार कर दिया। करीब दोपहर 12 बजे तक बूथ पर कोई मतदान नहीं हो सका। इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को मिली, लेकिन ग्रामीणों ने मतदान करने के लिए राजी नहीं हुए। दोपहर बाद कांग्रेस प्रत्याशियों ने सड़क बनवाने का आश्वासन दिया और मतदान करने की अपील की, जिसके बाद मतदान शुरू हो सका।
अरनिया के सूरतपुर में दो घंटे बाद शुरू हुआ मतदान
खुर्जा। अरनिया क्षेत्र के सूरतपुर गांव में लगभग दो घंटे बाद मतदान शुरू हो सका। सुबह ईवीएम में खराबी होने के कारण मतदान प्रभावित हो गया। ऐसे में एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। वहां नई मशीन की व्यवस्था की गई। सुबह नौ बजे मतदान शुरू हो सका। वहीं छतारी में स्थित धौरऊ गांव में मतदान एक घंटे तक प्रभावित रहा। ईवीएम नहीं चल सकी। इसके अलाव विभिन्न क्षेत्रों में यह परेशानी बनी रही।
प्राथमिक विद्यालय में मतदान नहीं होने पर लोगों ने किया प्रदर्शन
खुर्जा जंक्शन। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में मतदान नहीं होने के कारण लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों को वोट के लिए करीब चार किलोमीटर दूर मैना गांव आना पड़ा। ऐसे में कई लोग वोट डालने से भी वंचित रह गए। लोगों का कहना है रेलवे स्टेशन के पास हर साल प्राथमिक विद्यालय को मतदान केंद्र बनाया जाता है, जहां वार्ड नंबर एक से सात तक के लगभग तीन हजार से ज्यादा लोगों की वोट डाली जाती है। इस बार प्रशासन की अनदेखी कारण विद्यालय को मतदान केंद्र नहीं बनाया गया। ऐसे में क्षेत्र के लोगों की वोट मैना और मौजपुर गांव स्थित स्कूल में बूथ पर बनाई गई। जो क्षेत्र से करीब तीन से चार किलोमीटर दूर है। जिन लोगों के पास निजी वाहन है, वह तो मतदान करने चले गए, लेकिन अन्य लोगों को पैदल ही जाना पड़ा है। ऐसे में लोगों में काफी आक्रोश है। निराश लोगों ने प्रशासन की इस व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन किया। वहीं कुछ लोग मतदान करने भी नहीं गए।