कांग्रेस ने जो 60 साल में बनाया, मोदी ने उसे सात साल में बेच दिया : दीपेंद्र हुड्डा
अनूपशहर। कांग्रेस के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार किसान, गरीब, दलित और व्यापारियों का विरोध करने वाली है। यह चुनाव देश और किसान के भविष्य को तय करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल में जो बनाया उन संसाधनों को मोदी सरकार ने सात साल में बेचने का काम किया है।
सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी गजेंद्र सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा में दीपेंद्र हुड्डा मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, विधायक धर्मसिंह छोकर, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। दीपेंद्र हुड्डा ने 60 सालों में कांग्रेस की उपलब्धियों को बताया। तीन काले कानूनों के विरोध में 13 महीने चले धरने का जिक्र करते हुए 750 किसानों की शहादत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोषी ठहराया। देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी पर भी हमला बोलते हुए सरकार पर तंज कसा। उन्नाव और लखीमपुर खीरी के साथ हाथरस और आगरा कांड का जिक्र किया और कहा कि किसानों को गाड़ी से रौंदने वाले के पिता को मंत्री बनाए रखकर सरकार ने दोहरा चरित्र दिखाया है। इस सरकार ने किसान, नौजवान, मजदूर, व्यापारी, दलित, मुस्लिम हर वर्ग का शोषण किया है। दीपेंद्र ने समाज के लोगों से कहा कि गजेंद्र के पुराने विकास के नाम पर वोट करें। कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी गजेंद्र सिंह ने अपने विकास कार्यों को गिनाया। इस मौके पर सुभाष गांधी, मुनीर अकबर, सावित्री चौधरी, पूर्व ब्लाक प्रमुख धर्मपाल सिंह, प्रदीप राघव, निजाम मलिक, चौधरी राजकुमार, ज्ञानेंद्र राघव सिंह, जावेद अख्तर, आजाद प्रधान, बबलू कुरैशी मौजूद रहे।