पांच से अधिक बूथ वाले मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे अधिकारी
बुलंदशहर। विधानसभा चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए डीएम सीपी सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने पांच से अधिक पोलिंग बूथ वाले मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्था बनाने और निष्पक्ष मतदान कराने के आदेश दिए। मतदान के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के लिए भी समय से व्यवस्था की जाए।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम सीपी सिंह ने मतदान पूरा कराने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने एआरटीओ को आदेश दिए कि चुनाव के लिए आवश्यक वाहनों का अधिग्रहण करने की व्यवस्था की जाए। कार्मिकों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रशिक्षण स्थल पर कोविड नियमों का पालन आवश्यक व्यवस्था करते हुए प्रशिक्षण दिलाया जाए। निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कर्मचारियों का वैक्सीनेशन पूरा कराते हुए बूस्टर डोज लगवाई जाए। साथ ही मतपत्र, नामांकन पत्र, ईवीएम उपलब्ध कराए जाने से लेकर जमा कराए जाने तक की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मतदान के लिए पोलिंग पार्टी रवानगी के लिए मंडी परिषद, बुलन्दशहर में बनाए जा रहे स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा किया जाए। ईओ नगर पालिका को निर्देशित किया कि पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था की जाए। उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मतदान केंद्र जहां पर पांच से अधिक बूथ हैं, उनका स्थलीय निरीक्षण करते प्रवेश एवं निकास द्वार की अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त विवेक कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डा. प्रशान्त कुमार, सीएमओ डा. विनय कुमार सिंह, डीएफओ विनीता सिंह, नगर मजिस्ट्रेट मीनू राणा उपस्थित रहे।