जिले के गांव बदरपुर में बना स्कूल का भवन।
- फोटो : BULANDSHAHR
छह राजकीय हाईस्कूल बनकर तैयार, संचालन की तैयारी शुरू
बुलंदशहर। जिले में छह राजकीय हाईस्कूल बनकर तैयार हो गए हैं। अब विभाग की ओर से इनका संचालन कराने की तैयारी की जा रही है। इन स्कूलों के निर्माण पर 4.20 करोड़ की राशि खर्च की गई है।
शासन की ओर से समय-समय पर राजकीय शिक्षण संस्थान बनाए जाते हैं। करीब दो वर्ष पहले शासन की ओर से जनपद में छह राजकीय हाईस्कूल बनाने का निर्णय लिया था। साथ ही एक स्कूल के निर्माण पर करीब 70 लाख रुपये खर्च करने के आदेश मिले थे। इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से जिले के गांव बदरपुर, सतोहा, घोसीपुरा, खानपुर, सुरखुरू और अलीमुबारकपुर में स्कूलोें का निर्माण करवाने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके बाद इन स्कूलों का निर्माण कार्य शुरू हो गया था। इन सभी स्कूलाें का संचालन माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से किया जाएगा। बता दें कि जनपद में माध्यमिक शिक्षा से संबंधित विद्यालयों की संख्या 406 है। इनमें से 55 विद्यालय राजकीय हाईस्कूल और राजकीय इंटर कॉलेज शामिल हैं।
कक्षा छह से 10वीं तक की चलेंगी कक्षाएं
जिले में बनकर तैयार हो चुके छह राजकीय हाईस्कूलों में कक्षा छह से 10वीं तक की कक्षाओं का संचालन होगा। विभागीय अफसरों ने बताया कि अभी शासन और माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से इस तरह का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है कि इसमें कितने छात्रों को प्रवेश मिलेगा। इन स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती भी शासन और विभाग की ओर से की जाएगी।
जिले में शासन के आदेश पर छह राजकीय हाईस्कूलों के भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब इन स्कूलों के संचालन की तैयारी भी की जा रही है। यहां पर छात्रों के प्रवेश और शिक्षकों की तैनाती के लिए शासन और विभाग की ओर से आदेश जारी किया जाएगा। - शिव कुमार ओझा, जिला विद्यालय निरीक्षक