अहमदगढ़। फतेहगढ़ गांव के निकट मंगलवार दोपहर को एक स्कूली बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। बस अनियंत्रित होकर डिबाई की ओर से आ रही वैन से जा टकराई। हादसे में वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी है। गनीमत रही कि हादसे में बस में सवार आठ स्कूली बच्चे बाल-बाल बचे। उन्हें कोई चोट नहीं पहुंची है।
शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक इंटर कालेज की बस में मंगलवार दोपहर बच्चों को छोड़ने के लिए स्कूल से निकली थी। बस में अहमदगढ़ क्षेत्र के बच्चे सवार थे। बस जब गांव फतेहगढ़ के निकट पहुंची तो बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। इसके चलते चालक का बस से नियंत्रण खो गया। तभी डिबाई की ओर से आ रही एक मारुति वैन को बस ने टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि, वैन में सवार चालक की मौत हो गई। गनीमत रही कि हादसे के बाद बस नहीं पलटी, अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था। बस में सवार सभी बच्चे सकुशल हैं, उन्हें चोट नहीं आई हैं। वहीं, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने वैन चालक के शव को बाहर निकाला। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त 36 वर्षीय राकेश कुमार निवासी न्यू लाहोरी पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने फोन पर उसके परिजनों का सूचना दे दी है। हालांकि, वह कहां से कहां जा रहे थे, इसकी अभी जानकारी नहीं है। वहीं, हादसे के बाद स्कूल बस का ड्राइवर मौके पर ही बस छोड़कर भाग निकला। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है। हालांकि, मामले में अभी कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है।
बस में मची चीख पुकार
स्कूल से निकलते समय बस में 22 बच्चे सवार थे। 14 बच्चों को रास्ते में उनके घर व गांव में उतार दिया गया था। जिस वक्त हादसा हुआ उस समय बस में आठ बच्चे मौजूद थे। हादसे के बाद बच्चों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने बच्चों को बस से बाहर निकाल कर दिलासा दिया और परिजनों को सूचित कर बच्चों को उनके घरों तक पहुंचाया।
मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। प्रारंभिक दृष्टया बताया जा रहा है कि बस का स्टेयरिंग फेल हो गई थी। इसके चलते यह हादसा हुआ है। जल्द ही मामले में अग्रिम कार्रवाई करते हुए बस चालक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रोहित मिश्रा, एसपी देहात