दहेज की खातिर विवाहिता की जहर देकर हत्या
सिकंदराबाद। दहेज में कार और दो लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने परिजनों के साथ मिलकर विवाहिता को जहर दे दिया। उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। दोनों की छह माह पहले ही शादी हुई थी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति, ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पिपली खेड़ा कस्बा व थाना खरखौदा जनपद मेरठ निवासी फकीरा पुत्र अमीर ने बताया कि उसने अपनी पुत्री रहनुमा और सबकदर की शादी 10 जून 2020 को सिकंदराबाद के मोहल्ला सद्दीक नगर गोरखी निवासी आसिफ, आरिफ पुत्रगण इकराम के साथ की थी। शादी में अपाचे बाइक अन्य घरेलू सामान दिया था। ससुराल पक्ष शादी में दिए गए दान दहेज से खुश नहीं था और दहेज में दो लाख रुपये, कार की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर दोनों पुत्रियों के पति आसिफ, आरिफ, ससुर इकराम, सास मोमिना दोनों के साथ गालीगलौच मारपीट करते थे। बताया कि बेटियों के ससुरालियों के उत्पीड़न के बारे में बताने पर समाज के गणमान्य लोगों की पंचायत में ससुरालियों ने फिर से बेटियों को परेशान नहीं करने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि शुक्रवार की रात करीब आठ बजे आसिफ ने परिवार के लोगों के साथ साठगांठ कर रहनुमा को खाने में जहर दे दिया। रात करीब 11 बजे जब रहनुमा की तबीयत खराब होने लगी तो उसकी बहन सबकदर उसके पास आई। लेकिन ससुरालियों ने उसे कमरे में बंद कर बंधक बना लिया। हालत ज्यादा खराब होने के बाद ससुरालिए रहनुमा को लेकर अस्पताल पहुंचे। सुबह करीब 5.30 बजे उसकी पुत्री सबकदर ने फोन से भाई शेर मोहम्मद को घटना की जानकारी दी। जानकारी होने पर वह परिवार के लोगों के साथ खुर्जा स्थित अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि रहनुमा की मृत्यु हो चुकी है। कोतवाल दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।