धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ से शहर के सभी रास्ते ठप हो गए। जाम से ट्रैफिक इस कदर बिगड़ा कि एनएच-91 भी जाम से हांफ उठा। दोपहर के बाद से हाईवे पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया।
धनतेरस को लेकर बाजार पहले ही सज चुके थे। पुलिस ने सुबह ही प्रमुख मार्गों पर बैरियर भारी और कार आदि के प्रवेश पर रोक लगा दी थी।
जगह-जगह पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया तो बाजारों में खरीददारों की भीड़ बढ़ती गई। जिससे जगह-जगह जाम लगना शुरू हो गया। सबसे अधिक जाम की स्थिति अंसारी रोड, चौक बाजार, डिप्टी गंज, बूरा बाजार, मोती बाग, अंबर सिनेमा रोड, साठा रोड, काली नदी रोड, अस्पताल रोड सुबह से लेकर शाम तक बनी रही।
इसी तरह वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण कालाआम, डीएम रोड, भूड़ रोड, डीएवी तिराहा, चांदपुर रोड के साथ शिकारपुर बाईपास और अनूपशहर बस अड्डा पर भी जाम से वाहन चालकों और आमजन को दो-चार होना पड़ा।
प्रभारी उपनिरीक्षक यातायात कुलवीर राणा ने बताया बाजारों में जाम से निपटने के लिए प्रमुख मार्गों पर बैरियर लगाए और जगह-जगह पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था को बनाए रखने का भरसक प्रयास किया। जाम से एनएच-91 जाम से हांफ उठा। दोपहर के बाद से हाइवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया।
देर रात तक हाईवे पर जाम की स्थित बनी रही। दूर-दूर तक वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं। वहीं खुर्जा में के कचहरी मार्ग, गांधी रोड, कबाड़ी बाजार, जंक्शन मार्ग पर सुबह से जाम लगा रहा।
नो-एंट्री में घुसे वाहनों ने लगाया जाम
त्योहार सीजन में बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ के चलते जाम से निपटने के लिए बाजार में वाहनों की नो एंट्री के बावजूद भी बाजारों में ई-रिक्शा व दूपहिया वाहन पूर्ण रूप से नहीं रूक सके। वाहनों की एंट्री से बाजारों में जाम के हालात रहे। कोतवाल जितेंद्र कुमार का कहना है कि बाजार में प्रवेश करने वालों वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने के आदेश दिए गए है।