20 गांवों के विकास के लिए दो करोड़ की राशि जारी
बुलंदशहर। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में शामिल जिले के 20 गांवों के विकास के लिए दो करोड़ की राशि जारी हो गई है। एक-एक गांव के विकास पर 20-20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें से इन गांवों को पहली किस्त के रूप में 10-10 लाख रुपये जारी कर दिए हैं। अफसरों का दावा है कि इन गांवों में जल्द ही विकास कार्य शुरू हो जाएंगे।
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पीएमएजीवाई) प्रमुख योजनाओं में से एक है। इस योजना में उन गांवों को शामिल करने का प्रावधान है, जहां 50 फीसदी से अधिक अनुसूचित जाति जनसंख्या निवास करती हो। ताकि इन गांवों को शत प्रतिशत आदर्श ग्राम का दर्जा दिया जा सके। इन गांवों का एकीकृत विकास सुनिश्चित किया जा सके। ऐसे गांवों के सामाजिक आर्थिक विकास के लिए वहां अपेक्षित सभी भौतिक सुविधाएं और सामाजिक संरचना हो सके। योजना के तहत चयनित एक गांवों के विकास पर 20 लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान है। इस राशि से गांव में पेयजल और स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, समाज सुरक्षा, ग्रामीण सड़कें और आवास, विद्युत व्यवस्था आदि विकास के कार्य शामिल हैं। इस योजना को संचालित करने की जिम्मेदारी जिला समाज कल्याण अधिकारी को दी गई है।
इन गांवों के लिए जारी किए गए हैं 10-10 लाख रुपये
ब्लॉक बुलंदशहर से काजमपुर देवली और जालखेड़ा, खुर्जा ब्लॉक के मौ. करीमपुर उर्फ धाकड़, किर्रा, मौहम्मपुर नार, आसफपुर, भादवा और इस्माइलपुर बुढैना, सिकंदराबाद ब्लॉक के मडावरा, रसूलपुर रिठौरी और सलैमपुर कायस्त, जहांगीराबाद ब्लॉक से जहांगीदराबाद देहात और शेखपुर रौरा, अनूपशहर ब्लॉक से करनपुर कला और देव करनपुर उर्फ बझेड़ा, अरनिया ब्लॉक से बाढा और हीरापुर नगला जगत, डिबाई ब्लॉक से वाजिदपुर, दानपुर ब्लॉक से मुमरेजपुर एवं पहासू ब्लॉक से सुरजावली गांव शामिल हैं।
योजना में 26 और गांव हुए शामिल, संख्या बढ़कर हुई 100
जनपद के 25 गांव प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में शामिल हो गए हैं। चयनित गांवों में भी विकास कार्य होंगे। बता दें कि योजना के तहत वित्त वर्ष 2019-20 में 20 गांव की सौगात मिली थी, जबकि वर्ष 2020-21 में 54 गांव को योजना में शामिल किया गया था। इस तरह से अब योजना में जनपद के 100 गांव शामिल हो गए हैं।
योजना में इन गांवों को मिलेगा लाभ
योजना में जो 26 गांव शामिल हुए हैं। बुलंदशहर ब्लॉक से खलीलपुर, लखावटी ब्लॉक से आलमगीरपुर नैनसुख, अगौता ब्लॉक से रायपुर कटोरी, बदनौरा और दलपतपुर मुक्तेश्वरा, खुर्जा ब्लॉक से अच्छेजा खुर्द और गंगथला, अरनिया ब्लॉक से हबीबपुर, हमीरपुर, रसूलपुर, नरायनपुर और सलीमपुर पहाड़गढ़ी, सिकंदराबाद ब्लॉक से अगवाना, अलीआबाद, शाहपुर कलां, कादरपुर और ख्वाजपुर अमीनाबाद उर्फ फकीगर, अनूपशहर ब्लॉक से अम्बा और रोहल्लापुर खरवा, दानपुर ब्लॉक से हीरापुर खुर्द और बुरहानपुर खुर्द, पहासू ब्लॉक से उर्दमी, सिद्धगढ़ी और लूथपुरा एवं शिकारपुर ब्लॉक से हिन्नौत और अब्दुल्लापुर हुलासा गांव शामिल हैं।
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में शामिल 20 गांवों के विकास के लिए 10-10 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। वहीं, दूसरी ओर अब योजना में 26 और नए गांव शामिल हो गए हैं। इस तरह से योजना में अब जिले के 100 गांव शामिल हो गए हैं। प्रत्येक गांव के विकास पर 20-20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
- नागेंद्र पाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी