डेंगू वार्ड भरा, अन्य वार्ड में शिफ्ट किए जा रहे मरीज
बुलंदशहर। जिले में डेंगू का कहर बढ़ता ही जा रहा है। जिला अस्पताल का डेंगू वार्ड कई दिन से फुल चल रहा है। ऐसे में मरीजों को आइसोलेशन वार्ड के अलावा बच्चा वार्ड में रखा गया है। लेकिन अब बेड कम पड़ने पर मेडिकल वार्ड में भी 10 बेड आरक्षित कर लिए गए हैं।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन 15 से अधिक बुखार के तो पांच-छह मरीज डेंगू संदिग्ध भर्ती किए जा रहे हैं। डेंगू मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल में छह बेड आरक्षित है। लेकिन पिछले दिनों बेड की संख्या कम पडने पर डीएम के निर्देश पर अस्पताल प्रशासन द्वारा आइसोलेशन वार्ड में डेंगू मरीजों को भर्ती कर उपचार करना शुरू कर दिया। इसके बाद भी बेड की संख्या कम पडने पर बच्चा वार्ड में 10 बेड आरक्षित किए गए और इमरजेंसी पड़ने पर मेडिकल वार्ड में भी 10 बेड आरक्षित कर दिए गए। बीते कई दिनों से भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या अधिक होने से आइसोलेशन वार्ड और बच्चा वार्ड फुल चल रहा है। हालांकि बृहस्पतिवार को करीब चार मरीज डिस्चार्ज कर दिए जाने पर वार्ड खाली हो गया। फिलहाल डेंगू संदिग्ध के 12 मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
एनएस-1 से 125 की जांच में 15 मिले डेंगू पॉजिटिव
बुलंदशहर। जिला अस्पताल में डेंगू संदिग्ध के मामले में बढ़ोत्तरी का क्रम अभी भी जारी है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में 125 लोगों का सैंपल लेकर एनएस-1 किट और आईजीएम व आईजीजी किट से जांच की गई। इस दौरान 15 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
प्रभारी सीएमएस/बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि डेंगू वार्ड में छह, बच्चा वार्ड में 10 और आइसोलेशन वार्ड में 10 बेड डेंगू मरीजों के लिए आरक्षित है। भर्ती मरीजों की संख्या अधिक होने पर मेडिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाता है। बृहस्पतिवार को एनएस-1 किट से पॉजिटिव आए लोगों के शुक्रवार को भर्ती होने की संभावना है।