बुलंदशहर। सिकंदराबाद निवासी एक युवक से खुर्जा में प्लॉट बेचने का झांसा देकर करीब दस लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपी ने प्लॉट का सौदा 30 लाख रुपये में तय किया था। वहीं, अब बैनामा कराने की बात आई तो सामने आया कि उक्त प्लॉट विवादास्पद है। जिसके बाद पीड़ित ने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी, जिस पर आरोपियों ने अभद्रता की और भविष्य में रुपये मांगने पर हत्या की धमकी दी।
सिकंदराबाद के गुलावठी रोड निवासी पीड़ित लक्ष्मण सिंह ने एसपी सिटी को शिकायती पत्र देकर बताया कि कुछ माह पूर्व उसकी मुलाकात गाजियाबाद निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। जिसने पीड़ित को खुर्जा स्थित एक प्लॉट का सौदा 30 लाख रुपये में तय किया था। जिसके बाद पीड़ित ने आरोपी व उसके साथी को चार लाख रुपये नगद और छह लाख रुपये चेक के माध्यम से भुगतान कर दिया। जबकि, शेष रकम बैनामा के दौरान देना तय हुआ। बीते दिनों उसे जानकारी मिली कि उक्त प्लॉट पर न्यायालय में वाद लंबित है, जिसमें स्टे भी लगा हुआ है। इसके बावजूद उसे प्लॉट बेचने का झांसा देकर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। इसके बाद से ही आरोपी द्वारा उसे जल्द ही केस खत्म कराकर बैनामा कर देने का आश्वासन दिया जाता रहा। अब रुपये वापस मांगने पर अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मामले में एसपी सिटी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।