फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: नकली दूध बनाने वाली डेयरी का भंडाफोड़, 1400 लीटर दूध कराया नष्ट

विज्ञापन
सिकंदराबाद में नकली दूध को नष्ट कराती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम
विज्ञापन
सिकंदराबाद/स्याना। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नकली दूध बनाने का भंडाफोड़ करते हुए 1400 लीटर नकली दूध को नष्ट कराया है। साथ ही मौके से दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। बताया जा रहा है कि एक डेयरी के नाम पर संचालित दूध कलेक्शन सेंटर संचालक द्वारा नकली दूध बनाकर सप्लाई किया जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक करीब 15 दिन पहले ही डेयरी की ओर से दूध कलेक्शन प्वाइंट के लिए आरोपी को अनुमति दी गई थी।
विज्ञापन


सिकंदराबाद क्षेत्र में संचालित गज डेयरी के प्रबंधन की ओर से करीब 15 दिन पहले शेखपुर गढ़वा गांव में दूध कलेक्शन प्वाइंट के संचालन की अनुमति दी थी। सेंटर शुरू होने के बाद डेयरी अधिकारियों को सेंटर संचालकों पर शक हुआ तो उन्होंने अपने दो कर्मचारियों से इसकी गोपनीय जांच कराई। इस पर कर्मचारियों ने बताया कि कलेक्शन सेंटर संचालक द्वारा दूध की मात्रा बढ़ाने के लिए नकली दूध तैयार कर सप्लाई किया जा रहा है। इस पर गज डेयरी प्रबंधन की ओर से खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने गज डेयरी पर पहुंचकर सप्लाई के लिए आई 1400 लीटर दूध से भरी गाड़ी को पकड़ लिया। जब गाड़ी के चालक से पूछा तो उसने बताया कि वह गांव बरौली वासुदेवपुर स्थित कुबेर डेयरी की गाड़ी चलाता है। शेखपुर गढ़वा में संचालित गज डेयरी के कलेक्शन सेंटर से नकली दूध तैयार कर भेजा जा रहा है। टीम ने चालक की सूचना के आधार पर मंगलवार रात को डेयरी पर पहुंचकर जांच पड़ताल की तो एक आरोपी को नकली दूध बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से टीम ने नकली दूध बनाने के लिए प्रयुक्त 15 किलो व्हे पाउडर, 150 लीटर लिक्विड ग्लूकोज, 15 लीटर रिफाइंड, एक ड्रम में नकली दूध बरामद किया। टीम ने मौके से सभी पदार्थों को सीज करते हुए गाड़ी से बरामद व सेंटर पर मिले नकली दूध व अन्य सामान का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है।



100 लीटर से अधिक प्रतिदिन तैयार किया जा रहा था नकली दूध

अधिकारियों के मुताबिक शेखपुर गढ़वा गांव में आरोपी द्वारा दो कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं। सेंटर के रिकॉर्ड के मुताबिक पशुपालकों द्वारा प्रतिदिन करीब 270 लीटर दूध सेंटर पर दिया जा रहा था, जबकि आरोपी द्वारा डेयरी को प्रतिदिन 400 लीटर दूध की सप्लाई की जा रही थी। कुबेर डेयरी के जिस टैंकर से दूध की सप्लाई की जा रही थी, उसी टैंकर से अन्य गांवों का दूध भी एकत्रित किया जा रहा था। इसके चलते मंगलवार को विभिन्न केंद्रों से इकट्ठा किए गए कुल 1400 लीटर को अधिकारियों की टीम ने गड्ढा खोदकर जमीन में नष्ट करा दिया। बताया जा रहा है कि इस 1400 लीटर दूध में पशु पालकों द्वारा करीब 1100 लीटर दूध ही सप्लाई किया गया था, जबकि 300 लीटर नकली दूध बनाकर इसमें मिलाया गया था।
विज्ञापन




नकली दूध, खोया, पनीर बनाने का चल रहा गोरखधंधा

जिले में नकली दूध, खोया, पनीर बनाने का गोरखधंधा खूब फल-फूल रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पिछले दिनों शिकारपुर में दूध कलेक्शन सेंटर पर नकली दूध बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ा था, जबकि खुर्जा, ककोड़ में नकली खोया, पनीर, घी बनाने का भी खुलासा किया था। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में भी नकली खाद्य पदार्थ बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।





सिकंदराबाद की गज डेयरी के संचालकों ने एक कलेक्शन सेंटर द्वारा नकली दूध सप्लाई करने की जानकारी दी थी। मौके पर पहुंचकर एक गाड़ी पकड़ी। गाड़ी चालक द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर कुबेर डेयरी पर जांच की गई। जहां से शेखपुर गढ़वा गांव में संचालित सेंटर की जानकारी मिली। मौके पर नकली दूध बरामद हुआ है। सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। गाड़ी में मिले 1400 लीटर दूध को नष्ट करा दिया गया है। - विनीत कुमार, सहायक आयुक्त खाद्य एवं सुरक्षा विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें