बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र की आवास विकास कालोनी द्वितीय निवासी महिला के फोन पर शातिर साइबर ठग ने टीवी का रिचार्ज कराने का झांसा दिया। साथ ही उसके खाते से चार बार में 93 हजार रुपये ठग लिए। पीड़िता के पति ने मामले में तहरीर देकर शातिर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली देहात में नई मंडी क्षेत्र के आवास विकास द्वितीय कॉलोनी निवासी अनुज कुमार ने तहरीर देकर बताया कि बीते दिनों उसकी पत्नी के पास एक अनजान नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉलकर्ता ने कहा कि उनका टीवी का रिचार्ज खत्म होने वाला है। अगर वो ये रिचार्ज जल्दी कराती हैं, तो एक ऑफर भी मिलेगा। उक्त कॉलकर्ता ने एक क्यूआर कोड शेयर किया है। इसके बाद उसके खाते से अलग-अलग 2 हजार, 3 हजार, 20 हजार और 68 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह उसके साथ 93 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई है। इस मामले की जांच एसएसपी के आदेश पर साइबर टीम ने की, इसमें पता चला कि नई दिल्ली के इंद्रा नगर निवासी रमन गुप्ता और मीनू गुप्ता ने ठगी को अंजाम दिया है। देहात पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, अभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। एसएसपी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।