अनहोनी से बचाव के लिए अब हाइवे कट और ओवर ब्रिज रोशन किए जाएंगे। तमाम ओवर ब्रिज, अंडरपास और कट पर हाई मास्ट लाइट या सोलर लाइट लगाई जाएगी। बता दें कि जनपद की सीमा से दो नेशनल और एक स्टेट हाईवे गुजरते हैं।
हाइवे कट और ओवर ब्रिज पर प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से अक्सर सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है। सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ कम करने के लिए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को हाइवे कट, ओवर ब्रिज और अंडरपास पर सोलर या हाई मास्ट लाइट लगाने का आदेश दिया है।
गौरतलब है कि बुलंदशहर की सीमा में एसएच-235 (मेरठ- बुलंदशहर) ,एनएच-91 (बुलंदशहर-गाजियाबाद) और एनएच-93 (डिबाई-मुरादाबाद) गुजर रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों के कट और ओवर ब्रिज पर अंधेरा होने के कारण सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे स्थानों पर अंजान यात्री सड़क हादसों का अधिक शिकार होते हैं।
डीएम ने गुलावठी की दोनों साइडों को दुरुस्त कराने को भी कहा है। काला आम और भूड़ चौराहा क्षेत्र में जल्द ही प्रकाश व्यवस्था पर काम शुरू होगा। नगर में जाम के स्थल चिंहित करने के बाद साइन बोर्ड और संकेतक लगाए जाएगे। डीएम ने कहा कि जहां से अतिक्रमण हटाया गया हो, वहा यदि फिर से अतिक्रमण कर लिया गया हो, ऐसे लोगों से जुर्माना वसूला जाए।
चौराहों पर कैमरा लगाने के आदेश भी दिए। डीएम ने कहा कि अतिक्रमण करने वाले लोगों से जो जुर्माना वसूला जाए उस राशि का इस्तेमाल सीसीटीवी के रखरखाव पर होना चाहिए। होर्डिंगस-बैनर के कारण लगने वाले जाम से छुटकारा दिलाने का आदेश डीएम ने दिया।
मैरिज होम और होटलों पर वाहन पार्किंग सुनिश्चित कराने का आदेश भी डीएम ने पालिका और पुलिस अफसरों को दिया है। डीएम आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि सड़कों पर हादसों को रोकने के लिए संबंधित अफसरों को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।
16.37 करोड़ से बदलेगी जिले की सूरत
बुलंदशहर, खुर्जा और सिकंदराबाद के पार्क और फुटपाथ पर हरियाली छाएगी। मंडलायुक्त आलोक सिंह की अध्यक्षता वाली बैठक में बुलंदशहर और खुर्जा विकास प्राधिकरण की अवस्थापना निधि से 16.37 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास किया गया है।
डीएम आंजनेय कुमार सिंह और प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेंद्र चौधरी ने बताया कि सोमवार को मंडलायुक्त आलोक सिंह की अध्यक्षता में बुलंदशहर और खुर्जा विकास प्राधिकरण की अवस्थापना निधि के अंतर्गत कराए जाने वाले विकास कार्यों के संबंध में बैठक हुई।
बुलंदशहर की विभिन्न कालोनियों में सीसी रोड, नाली, इंटरलॉकिंग टाइल्स के अलावा भूड़ चौराहा स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क के सौंदर्यीकरण और गंगानगर आवासीय योजना में ग्रीन बेल्ट, कैंटीन व शौचालय बनेंगे।
यमुनापुरम के विकास में भी 27 लाख रुपये खर्च हाेंगे। टांडा स्टेडियम में प्रशासनिक भवन से बैडमिंटन हाल तक, साइड में इंटरलॉकिंग टाइल लगाने, बैडमिंटन टर्फ लगाने, कुश्ती और कबड्डी हेतु गद्दे आदि व स्टेडियम में तीन नग शेड लगाने हेतु 50 लाख रुपये खर्च हाेंगे।
बैठक में नगर पालिका के शासकीय अधिकारी आरके सिंह, प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता एनके गुप्ता, जल निगम से एसके भारद्वाज आदि विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे।