बुलंदशहर। स्वाट टीम व गुलावठी पुलिस ने ग्रेटर नोएडा से धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक अवैध पिस्टल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी की शिनाख्त प्रताप निवासी गांव दौराउ थाना डिबाई जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है। वह फिलहाल ग्रेटर नोएडा में रह रहा था। प्रताप करीब डेढ़ साल से पकड़ में नहीं आ रहा था।
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि स्वाट व गुलावठी पुलिस ने एक सूचना के आधार पर ग्रेटर नोएडा गौतम बुद्ध नगर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी प्रताप शातिर किस्म का अपराधी है और वह धोखाधड़ी, अमानत में खयानत व साजिश रचने के मामले में वर्ष 2023 से लगातार फरार चल रहा था। गुलावठी पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर था। एसएसपी बुलंदशहर ने आरोपी प्रताप पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। सीओ ने बताया कि आरोपी प्रताप वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के गैलेक्सी नोट एवेन्यू 2 में रह रहा था। उसके पास से एक पिस्टल, दो कार्टेज, एक मार्कशीट, एक सनद, एक पैन कार्ड, एक चरित्र प्रमाण पत्र व एक आधार कार्ड बरामद किया गया है। आरोपी प्रताप पर खुर्जा, आगरा गुलावठी थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसका चालान कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।