स्टेशन से कथित रिश्तेदार को लेने जा रहे युवक को कार सवार बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया, फिर बाइक और मोबाइल लूट ले गए। गनीमत रही की गोली युवक की कनपटी छूकर निकल गई।
पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। परिजन कथित रिश्तेदार के भाई पर वारदात को अंजाम देने की आशंका जता रहे हैं। बताया जा रहा है कि फोन करने वाले कथित रिश्तेदार का नंबर भी स्विच ऑफ है।
जहांगीरपुर क्षेत्र के मुमरेजपुर निवासी अतुल के बड़े भाई नवनीत की शादी शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली से आ रहे कथित रिश्तेदार ने मंगलवार रात जंक्शन स्टेशन से रिसीव करने के लिए अतुल को फोन कर बुलाया था।
रात दस बजे अतुल बाइक लेकर स्टेशन पर जा रहे थे। तभी आरपीएस स्कूल के पास कार सवार बदमाशों ने अतुल को रोककर फायर झोंक दिया। गोली कनपटी को छूकर निकल गई, जिससे अतुल अचेत होकर गिर गए।
बदमाशों ने मरा हुआ समझ कर अतुल की बाइक और मोबाइल लेकर भाग गए। बाद में होश आने पर लहूलुहान हालत में अतुल जहांगीरपुर थाने पहुंचकर वारदात की जानकारी दी। एसओ उमेश पचौरी की सूचना पर जंक्शन चौकी पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया।
परिजनों के मुताबिक जिस कथित रिश्तेदार को बुलाने के लिए अतुल जा रहा था उसके भाई से किसी बात को लेकर उनका झगड़ा हुआ था। आशंका है कि रिश्तेदार के भाई ने ही षड्यंत्र रचा हो।