बखिरा में भारतीय स्टेट बैंक की बखिरा शाखा में बुधवार को रकम न मिलने को लकर खाताधारकों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके की नजाकत को भांपते हुए प्रबंधक ने पुलिस बुला ली। इसके बाद मामला शांत हुआ।
बुधवार को बड़ी संख्या में खाताधारक रकम निकालने के लिए स्टेट बैंक की शाखा पर सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए। बैंक पर खाताधारकों की खूब भीड़ जमा हो गई। विड्राल फार्म भर कर लोगों ने रकम की डिमांड बैंक से की, किंतु घंटों लाइन में लगे ग्राहकों का धैर्य उस समय जवाब दे गया जब कैशियर ने रकम न होने की बात लोगों से बताई।
रामलगन, शिवमूरत, घनश्याम, राघवेन्द्र, देवेंद्र, रामप्रताप, राजाराम, दमयंती, सुशीला, शबरूंनिशा, सायरा, शमसुल हुदा, मोइनुद्दीन ने बताया कि पूरे दिन रकम पाने की उम्मीद में लाइन में लगे रहे। शाम होने पर कैशियर ने रकम नहीं होने की जानकारी दी तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया। लोगों ने निश्चय किया कि जब तक उनका पैसा बैंक मुहैया नहीं कराएगा तब तक सभी लोग बैंक से बाहर नहीं निकलेंगे। ग्राहकों के इस जिद से बैंक प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ गई।
सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों के माथे पर बल पड़ गया। मैनेजर द्वारा काफी मान मनौव्वल भी बेअसर रहा। अंत में मैनेजर किशनपाल ने बखिरा थाना प्रभारी दिनेश यादव को बुलाया। पुलिस के काफी समझाने बुझाने व अगले बैंक दिवस पर लाइन में लगे ग्राहकों के नाम व खाता संख्या को भुगतान में प्राथमिकता देने की शर्त पर लोग माने। इस बाबत ब्रांच प्रबंधक किशन पाल ने बताया कि इन दिनो बैंक में रकम की किल्लत है। ऐसा अमूमन सभी ब्रांचों पर है। रकम के लिए मुख्य ब्रांच को लिखा गया है। रकम मिलते ही लोगों की वितरण करा दिया जाएगा।