सपा नेता मुस्तकीम के बेटे हसीन ने अवैध संबंधों के कारण पत्नी की हत्या की थी। रविवार देर रात गिरफ्तारी के बाद उसने कबूला कि झगड़े के बाद उसने गला दबा पत्नी इमराना को मार डाला था । कोतवाली क्षेत्र के अंधैल गांव निवासी सपा नेता मुस्तकीम की पुत्रवधू इमराना की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी।
इमराना का शव उसके कमरे में बेड पर मिला था। चचिया ससुर अशफाक ने पति हसीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 10 और लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। रविवार रात पुलिस ने दबिश देकर पति हसीन को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि हसीन से पूछताछ में पता चला है कि इमराना के उसके मायके में किसी से अवैध संबंध थे। बार-बार समझाने के बाद भी वह उससे मिलना-जुलना बंद नहीं कर रही थी।
इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा रहता था। शुक्रवार रात भी इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। गुस्से में उसने इमराना का गला दबा दिया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हसीन को जेल भेज दिया।
कानूनी दाव-पेच में उलझी हत्या, दहेज हत्या की रिपोर्ट
इमराना की मौत हत्या, या दहेज हत्या यह मामला कानूनी दांव-पेच में उलझकर रह गया है। पहले इमराना के चचिया ससुर अशफाक ने भतीजे हसीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बाद में पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित 6 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या में रिपोर्ट तरमीम कर दी। शादी को सात साल से अधिक समय बीत जाने के कारण अब पुलिस दहेज हत्या को दोबारा से हत्या में तरमीम कर रही है।