ससुराल से लौट रहे दंपति को रास्ते में रोक कर लूटने की कोशिश करने वाले चार बदमाशों में से एक को ग्रामीणों ने दबोच कर पुलिस को सौंप दिया।
आरोप है कि कुछ ही देर बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। अब एसओ भी घटना और बदमाश के सौंपे जाने की जानकारी से इनकार कर रहे हैं।
खानपुर थाना क्षेत्र के गांव श्यौरामपुर निवासी चिराग राणा कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मिर्जापुर स्थित ससुराल से अपनी पत्नी को लेकर बाइक से गांव आ रहा था।
बृहस्पतिवार रात 8 बजे ईलना-खानपुर मार्ग स्थित श्मशान के पास घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन्हें रोकना चाहा लेकिन चिराग ने बाइक तेज कर दी।
इस पर बदमाशों में से एक ने डंडा मारा जो उसकी पत्नी को लगा। चिराग ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को बताया तो एकजुट ग्रामीणों ने घेराबंदी की और एक बदमाश को पकड़ लिया जबकि तीन बदमाश भाग गए।
बताया जाता है कि पकड़े गए बदमाश की शिनाख्त ग्रामीणों ने ईलना निवासी एक युवक के रूप में की। पूछताछ के दौरान ने तीनों फरार बदमाशों के नाम बताए जो ईलना के बताए जाते हैं।
बदमाशों में एक जनप्रतिनिधि का भतीजा बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों से मोटी रकम वसूलकर उसे छोड़ दिया।
दपंति से लूटपाट के प्रयास में पीड़ित की तरफ थाने मे कोई तहरीर नहीं आई है। ना ही ग्रामीणों ने किसी आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। -बीएस बिसारे,एसओ औरंगाबाद