थाना क्षेत्र के सैदपुरा गांव में छह साल के भीतर हुईं तीन हत्याओं की पैरोकारी करने वाले तीन गवाहों की हत्या करने आए दो शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार का जेल भेजा है। इनके पास से दो तमंचे और आठ कारतूस, बाइक व गांजा बरामद हुआ है।
पकड़े गए दोनों शूटर पचास हजार के इनामी कुख्यात बलराज भाटी गैंग के सदस्य हैं। उन्होंने जेल में बंद मुख्य आरोपी नितिन को बाहर निकालने के लिए पूरी प्लानिंग की थी। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि गांव सैदपुरा मोड़ के पास पकड़े गए बदमाशों की पहचान अर्जुन उर्फ नीटू पुत्र सूरजमल सिंह निवासी गांव जाड़ौल थाना खानपुर, हितेश पुत्र चरन सिंह निवासी गांव फतेहपुर थाना शिकारपुर के रूप में हुई।
एसपी सिटी ने बताया कि वर्ष 2009 में सैदपुरा में तत्कालीन ग्राम प्रधान बंटी उर्फ कृष्णवीर, 2011 में बंटी के छोटे भाई रविंद्र पुत्र नैन सिंह और 2015 में दूध ठेकेदार जोगेंद्र की हत्या कर दी गई थी। जोगेंद्र की हत्या में कुख्यात अपराधी नितिन पुत्र उदयवीर और हिटलर पुत्र अशोक निवासी सैदपुरा फिलहाल बुलंदशहर जेल में बंद हैं। इन हत्याओं में सैदपुरा के जितेंद्र उर्फ जत्तू पुत्र महेंद्र, प्रताप पुत्र राजपाल और नरेंद्र फौजी पुत्र रनवीर सिंह गवाह व पैरोकार हैं।
23 मार्च 2017 को गवाहों पर गौरव, अर्जुन उर्फ नीटू, हितेश, लोकेश व जोगेंद्र फायरिंग भी कर चुके हैं। हत्यारोपी लगातार पैरोकारों पर केस वापस लेने का दबाव बनाते आ रहे हैं।जेल में बंद मुख्य आरोपी नितिन ने बाहर आने के लिए पैरोकारों की हत्या करने की जिम्मेदारी जाड़ौल के अर्जुन उर्फ नीटू और फतेहपुर के हितेश को दी थी। एसपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
सैदपुरा में मामूली विवाद में हो चुकी हैं तीन हत्या
वर्ष 2009 में सैदपुरा में कुत्ते को डंडा मारने के विवाद में ग्राम प्रधान बंटी उर्फ कृष्णवीर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इसमें गांव के देवेंद्र, भूपेंद्र उर्फ भोला व राहुल को नामजद किया था। इसके बाद बंटी के छोटे भाई रविंद्र पुत्र नैन सिंह की 2011 में हत्या कर दी गई थी।
इस हत्या में पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद चौधरी, प्रशांत, नितिन, जगवीर, नीटू और बबलू का नाम आया था। इन दोनों हत्याओं के बाद पीड़ित पक्ष को सहयोग करने वाले दूध ठेकेदार जोगेंद्र की भी वर्ष 2015 में हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड में कुख्यात अपराधी नितिन पुत्र उदयवीर और हिटलर पुत्र अशोक निवासी सैदपुरा फिलहाल बुलंदशहर जेल में बंद हैं।
हितेश ने गाजियाबाद में लूटा था सरिया
औरंगाबाद थाना इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि शूटर हितेश गाजियाबाद के थाना कोतवाली क्षेत्र में 25 लाख रुपये के सरिया लूट की वारदात में भी आरोपी है। उस पर अगौता थाना में शस्त्र अधिनियम और औरंगाबाद थाने में जानलेवा हमले का केस दर्ज है। जबकि दूसरे शूटर अर्जुन उर्फ नीटू पर औरंगाबाद और शिकारपुर थाने में दो केस दर्ज हैं।
बलराज का है बड़ा गैंग
पकड़े गए दोनों शूटर अर्जुन उर्फ नीटू व हितेश कुख्यात बलराज भाटी गैंग के लिए काम करते हैं। बलराज पचास हजार का इनामी है और फिलहाल पुलिस पकड़ से दूर है। बलराज नोएडा के सुंदर भाटी गैंग के लिए काम करता है। पिछले दिनों नोएडा में एसटीएफ की पकड़ में आया पचास हजारी अवनेश उर्फ अन्नी गुर्जर भी बलराज गैंग का शार्प शूटर है। बलराज पर बुलंदशहर जिले में दो दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं।