नगर कोतवाली क्षेत्र में एक भाई ने रिश्ते को तार-तार कर अपनी चचेरी बहन के साथ रेप की कोशिश की। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर छत से फेंकने की धमकी दी। किशोरी किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर अपने पिता के पास पहुंची। पिता ने आरोपी भतीजे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि पति- पत्नी मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आठ जून की सुबह करीब 11 बजे पत्नी काम पर गई थी। वह घर पर सो रहा था। इस दौरान 12 वर्षीय बेटी कमरे में घरेलू काम कर रही थी। तभी 22 वर्षीय भतीजा लोकेश आया और बेटी को बहला-फुसलाकर छत पर ले गया।
आरोपी ने वहां ले जाकर उसके कपड़े उताकर रेप की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी के साथ मारपीट की और छत से नीचे फेंकने की धमकी दी। किशोरी किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर नीचे आई और पिता को आपबीती बताई। आरोपी लोकेश जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।
पीड़ित ने बताया कि भतीजा लोकेश तीन साल पहले भी गांव में इसी तरह की हरकत कर चुका है। जिसका केस न्यायालय में विचाराधीन है। एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।