बुलंदशहर। अरनिया पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों के पास से चोरी का एक ट्रैक्टर और बाइक बरामद हुई है। ये बदमाश पूर्व में चोरी और हत्या की कोशिश जैसे मामलों में जेल भी जा चुके हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि सोमवार सुबह अरनिया पुलिस व स्वाट टीम को सूचना मिली कि क्षेत्र में तीन शातिर आने वाले हैं। टीम ने घेराबंदी करके तीनों को पकड़ लिया। जिनकी पहचान सिंकू उर्फ भूपेंद्र जाटव पुत्र डालचंद, रिंकू उर्फ डालचंद निवासी खुर्जा नगर और सतीश पुत्र लखपत निवासी नगलिया उदयभान थाना अरनिया के रूप में हुई।
तीनों की निशानदेही पर चोरी का एक ट्रैक्टर और बाइक बरामद हुई। तीनों ने यह ट्रैक्टर 17 जून 2016 को अरनिया क्षेत्र से चोरी किया था। जबकि, एक माह पहले अलीगढ़ मंडी से बाइक चुराई थी। गिरोह का एक साथी भोला उर्फ चंद्रशेखर एक अन्य मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि पकड़े गए शातिर पूर्व में भी चोरी और जानलेवा हमले के मामले में जेल जा चुके हैं। गिरोह का सरगना सिंकू उर्फ भूपेंद्र जाटव थाना खुर्जा नगर से जानलेवा हमले के मामले में 10 साल की सजा पा चुका है।