जनपद के अलावा हरियाणा और दिल्ली में वाहन लूट की वारदातों को अंजाम देन वाले गिरोह का ककोड़ पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनका चौथा साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया।
गिरोह के सदस्यों से सात बाइक और तीन तमंचे बरामद किए हैं। एसएसपी वैभव कृष्ण और एसपी सिटी राम मोहन सिंह ने बताया कि 28 जुलाई की रात चेकिंग के दौरान खड़पुरा रोड से दो बाइक पर चार लोग आते दिखे। रुकने का इशारा किया तो एक बदमाश पुलिस को देखकर भाग गया।
तीन बदमाशों को पकड़ लिया। उनके पास से तीन तमंचे और छह कारतूस बरामद हुए। तीनों की पहचान रविंद्र उर्फ रवि निवासी दाउदपुर थाना कोतवाली देहात, योगेश उर्फ योगी और सूरज उर्फ सूरजपाल निवासी आंजनी थाना जहांगीराबाद के रूप में हुई।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि दोनों बाइक लूट की हैं। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर पांच और बाइक बरामद कर लीं। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वह हरियाणा, दिल्ली व आसपास के जनपदों में बाइक लूट व चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।