सेमलखेड़ा मोहल्ले में रहने वाले एक युवक का शव घर में फंदे पर लटका मिला। मृतक के परिजन पड़ोसी पर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। थाना बारादरी में तहरीर भी दी गई है। हालांकि पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह फंदे पर लटकना ही पाया गया है।
बारादरी इलाके के सेमलखेड़ा निवासी कफील अहमद का करीब 22 वर्षीय बेटा नईम एसी मैकेनिक था। बृहस्पतिवार रात नईम घर में अकेला था। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे छोटा भाई नन्हीं घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे और कमरे के किवाड़ भिड़े हुए थे। उसने घर के अंदर जाकर देखा तो नईम रस्सी के सहारे छत के पंखे पर लटका था। उसके शोर मचाने पर पड़ोसी व परिवार के अन्य लोग पहुंच गए और फौरन नईम को नीचे उतारा गया। मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इसकी सूचना मिली तो बारादरी पुलिस मौके पर पहुंच गई। फील्ड यूनिट को भी बुला लिया गया। पुलिस ने छानबीन के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। कफील अहमद का आरोप है कि उनके बेटे नईम की हत्या की गई है। हत्या करने का आरोप पड़ोस के एक परिवार पर है।
पुलिस के मुताबिक नईम की पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से दोस्ती थी। इसका पता लगने पर लड़की के घर वालों ने विरोध किया। यही नहीं उन्होंने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए नईम के खिलाफ पुलिस को तहरीर भी दी थी। इस पर दो दिन पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई थी। फिर दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी हुई थी, हालांकि कोई नतीजा नहीं निकला। नईम के पिता कफील का आरोप है कि लड़की वालों की शिकायत पर ही पुलिस उनके घर के चक्कर लगाकर परेशान कर रही थी। वह पुलिस के डर की वजह से परिवार समेत अपना घर छोड़कर दूसरी जगह रह रहे थे। बृहस्पतिवार की रात नईम घर पर अकेला रुक गया। उसे अकेला पाकर लड़की वालों ने उसकी जान ले ली गई।
लटकने से हुई मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक नईम के गले में हैंगिंग (एंटीमाटम इंजरी) पाई गई। यानी उसकी मौत लटकने से हुई थी। इसके अलावा शरीर पर कोई चोट नहीं पाई गई। मृतक के पेट में जहर के विशेष लक्षण तो नहीं पाए गए फिर भी जांच के लिए विसरा सुरक्षित रख दिया गया है।
भाई जेल में, पिता नामजद
बारादरी थाने में दर्ज गोकशी के एक मुकदमे में मृतक नईम के पिता कफील और भाई नदीम समेत तीन लोग नामजद हैं। इनमें आरोपी नदीम जेल में है। जबकि कफील फरार चल रहे हैं। उनका शहामतगंज-सैटेलाइट रोड पर होटल है। पुलिस ने होटल से गोमांस व एक गाय बरामद की थी।
सप्ताह भर पहले लड़की के परिवार वालों ने नईम के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसमें लड़की को परेशान करने का आरोप लगाया था। पुलिस वाले इसी मामले की जांच करने गए होंगे। परेशान करने की बात गलत है। हालांकि गोकशी के एक मामले में मृतक का भाई जेल में है। पिता भी नामजद हैं। मृतक के घर वालों ने लड़की वालों के खिलाफ तहरीर दी है, जिसकी जांच की जा रही है - आकाश तोमर, एएसपी