घर में घुसकर तीन लोगों ने गैंगरेप के आरोप में गिरफ्तार युवक की पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से खून से सनी दरांती बरामद की। मृतका की सास की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक एक नामजद आरोपी की बहन के साथ बीते साल गैंगरेप हुआ था जिसमें मृतका का पति गिरफ्तार किया गया था। अलीगढ़ के जवां इलाके के रहने वाले बलबीर सिंह की बेटी बबीता की शादी 14 साल पूर्व महमदपुर निवासी संजय संग हुई थी।
बबीता की सास जावित्री देवी की माने तो मंगलवार रात घर की दीवार फांदकर तीन युवक घर में घुस गए। युवकों ने दरांती से बबीता का गला रेतकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची अरनिया पुलिस और सीओ खुर्जा ने मौका-ए-वारदात से आलाकत्ल बरामद करते हुए फोरेसिंक टीम को बुलाकर नमूने जमा करा लिए।
सीओ विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक महिला का पति संजय हत्या विगत 2015 से गैंगरेप के मामले में जेल में बंद है। पुलिस की माने तो हत्या में नामजद एक आरोपी की बहन से संजय ने गैंगरेप किया था। इसके चलते बबीता की हत्या करने की बात सामने आ रही है।
फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामले में पुलिस ने सास जावित्री देवी की तहरीर पर महमदपुर निवासी रवि, धर्मा और नगलाशेखू निवासी नरेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।