गांव लालनेर में शुक्रवार को दो पक्षों में हुए पथराव के बाद मौके पर पडे़ पत्थर।
- फोटो : ब्यूरो
थाना क्षेत्र के गांव लालनेर में शुक्रवार तड़के जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। पथराव और मारपीट में दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। तनाव के चलते गांव में पुलिस तैनात कर दी गई लेकिन बाद में एसओ-प्रधान और गांव के संभ्रात लोगों की मौजूदगी में समझौता भी हो गया।
एसओ पहासू कौंशलेद्र यादव ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव लालनेर में शुक्रवार को गांव के दो पक्षों में जमीन के विवाद को लेकर मारपीट-पथराव हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से घायल आठ लोगों को सीएचसी में भर्ती कराते हुए जांच शुरु की।
एक पक्ष से घायल कांग्रेसी नेता शिवकुमार शर्मा ने विवाद वाली जमीन पर अपना दावा जताते हुए कहा कि कि दूसरे पक्ष के लोग जमीन पर मेढ़ डालने पहुंचे थे। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने शिवकुमार शर्मा पर जबरन जमीन कब्जाते हुए लहटा बुवाई करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों की माने तो बृहस्पतिवार शाम को उक्त जमीन पर एक कार्यक्रम हुआ था और शुक्रवार तड़के एक पक्ष की कुछ महिलाओं से कुछ युवकों ने गाली-गलौच-अभद्रता की थी। जिसके बाद मारपीट-पथराव की नौबत आ गई। मारपीट में एक पक्ष से डिप्टी और प्रेमचंद, जबकि दूसरी तरफ से गुडडू, शिवकुमार, राहुल, पिंकी, प्रमोद, और गोपाल गंभीर घायल हो गए। फिलहाल गांव में पुलिस तैनात है।
ग्राम प्रधान इकराम मलिक ने बताया कि वह किसी काम से लखनऊ गए थे। शुक्रवार को गांव पहुंचकर विवाद की जानकारी हुई तो उन्होनें थाने पर जाकर सूचना दी। एसओ कौशलेंद यादव ने बताया कि प्रधान-संभ्रात लोगों की मौजूदगी में मामले में थाने में समझौता हो गया है। अगर गांव में फिर से विवाद की नौबत आई तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।