गैंगरेप पीड़ित परिवार की परेशानी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को पीड़ित किशोरी की तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके चलते परिवार बयान दर्ज कराने बुलंदशहर नहीं जा सका। पिता के अनुसार पूरी तरह ठीक होने के बाद ही अब वह लोग बयान दर्ज कराने जाएंगे।
पीड़ित किशोरी के पिता ने बताया कि सोमवार सुबह बेटी की तबीयत अचानक खराब हो गई। बुलंदशहर से एक पुलिसकर्मी का फोन आया और बयान दर्ज कराने के संबंध में आने के बारे में पूछा। पिता ने पुलिसकर्मी को बेटी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी, तो उसने तबीयत ठीक होने के बाद बुलंदशहर आने के लिए कहा।
पिता ने बताया कि बेटी को दोपहर बाद पास के निजी अस्पताल से दवा दिलाकर लाए हैं। डॉक्टर ने उसे आराम करने की सलाह दी है। बेटी की हालत में सुधार आने के बाद अब बुलंदशहर जाएंगे। इस संबंध में बलदशहर में अफसरों ने कहा कि रिमांड के लिए हुई पेशी के चलते बयान दर्ज कराने का कार्यक्रम टालना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार या बुधवार को पीड़ित मां-बेटी बयान दर्ज कराने बुलंदशहर आ सकती हैं।
काउंसलर नहीं पहुंचे
सोमवार को पीड़ित परिवार के घर काउंसलर भी नहीं पहुंचे, जिस पर पिता ने संतुष्टि जताई। उन्होंने कहा कि काउंसलरों को परिवार को भी बातचीत का समय देना चाहिए। काउंसलिंग के साथ परिवार के लोगों का साथ भी बेटी और मां के लिए जरूरी है।