कोतवाली देहात क्षेत्र में हाईवे पर मां-बेटी से गैंगरेप का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि युवती से गैंगरेप का एक और मामला सामने आया है। 10 दिन पहले बाइक सवार दो युवकों ने भूड़ चौराहे से युवती का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया।
युवती ने आरोप लगाया कि नहर किनारे ले जाकर दोनों युवकों ने गैंगरेप किया। आरोपियों ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना स्तर से सुनवाई न होने पर पीड़िता ने एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जहांगीराबाद की रहने वाली युवती ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि छह सितंबर 2016 की दोपहर बहन के यहां से वह आगरा डिपो की रोडवेज बस में बैठकर बुलंदशहर आ रही थी। दोपहर करीब दो बजे नहर के पास बाईपास पर उतरी और भूड़ चौराहे की तरफ चली तो पीछे से बाइक सवार दो लड़के आ धमके।
दोनों ने अश्लील कमेंट्स करने शुरू कर दिए। आरोपियों ने तमंचे से आतंकित कर बाइक पर बैठा लिया। दोनों आरोपी युवती को नहर किनारे पटरी पर ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
शोर मचाया तो वहां राहगीर एकत्र होने लगे। उन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता का आरोप है कि उसने थाने पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।