जंक्शन क्षेत्र के गांव मौजपुर में देर रात पानी को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के दो पक्ष भिड़ गए। दोनों तरफ से चली लाठियों की चपेट में आकर तीन महिलाओं समेत नौ लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जंक्शन चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मौजपुर गांव में बीती रात लगभग 10 बजे गांव में ही रहने वाले एक ही परिवार के दो गुट पानी के विवाद को लेकर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामूली सा विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।
दोनों तरफ से जमकर चले लठ्ठ में तीन महिलाओं समेत नौ लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। चीखपुकार की आवाज सुनकर जमा हुए ग्रामीणों ने किसी प्रकार मामला शांत कराते हुए पुलिस को सूचना दी। मारपीट में एक पक्ष से त्रषभ, विनोद, दीपक, बबीता और वंदना जबकि दूसरी तरफ से अजय, अंकित,अमित और हेमलता है।
गंभीर हालत में विनोद को नोएडा, अंकित और हेमलता को बुंलदशहर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरु कर दी है। खबर लिखे जाने तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।