एसटीएफ नोएडा की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस ने आठ साल से फरार चल रहे 15 हजार के इनामी हत्यारोपी को पांच हजार की इनामी उसकी पत्नी सहित गिरफ्तार कर लिया है। दोनों राजस्थान के अलवर जिले में भिवानी नामक स्थान पर रह रहे थे। पुलिस रविवार को इन्हें जेल भेजेगी।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि एसटीएफ नोएडा ने सूचना दी कि नगर कोतवाली से अभिरक्षा से फरार चल रहे 15 हजार का इनामी हत्यारोपी राजकुमार इन दिनों राजस्थान के जनपद अलवर में भिवानी नामक स्थान पर अपनी पत्नी अंजली के साथ रह रहा है।
शनिवार दोपहर नगर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि 2006 में गांव मिर्जापुर थाना रबूपुरा जिला गौतमबुद्धनगर निवासी राजकुमार पुत्र रविंद्रपाल ने खुर्जा नगर क्षेत्र में अपने रिश्ते के एक युवक की हत्या कर दी थी।
कुछ समय बाद पुलिस ने राजकुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मार्च 2008 में राजकुमार को बीमारी के चलते जिला जेल से जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया था। राजकुमार की देखरेख में दो कांस्टेबलों को लगाया गया था।
देर रात एक कांस्टेबल शौच के लिए चला गया। राजकुमार की पत्नी अर्चना ने इसी का फायदा उठाते हुए पति राजकुमार को भगा कर ले गई। तब से पुलिस राजकुमार और अर्चना की तलाश कर रही थी।