लोनीकरा के सुल्तानपुर गांव में दीवार निर्माण रोकने गए पुलिस कर्मियों से मारपीट व सिपाही को बंधक बनाए जाने की घटना के बाद से गांव में पूरी तरह से दहशत बनी हुई है। पुलिस ने मामले में एकतरफा कार्र्रवाई करते हुए बंधक बनाए गए सिपाही की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पिता-पुत्र को जेल भेज दिया है।
पुलिस ने दंपती व शिक्षक संघ के महामंत्री समेत 18 लोगों को घटना में आरोपित किया है। वहीं जबरन घर में घुस कर महिलाओं से अभद्रता, तोड़फोड़ व मारपीट के पुलिस पर लगे आरोपों पर कोई कार्रवाई न होने से लोगों में काफी नाराजगी है।
17 जून को सुल्तानपुर गांव में दीवार निर्माण रोकने पहुंचे सिपाही सुरेंद्र यादव को ग्रामीणों ने शिक्षक संघ के ब्लॉक महामंत्री संतलाल के घर पर बंधक बना दिया था और साथ में मौजूद एसआई रवींद्र वर्मा से भी मारपीट की थी। मालूम हो कि जसकरन व राजकरन के बीच भूमि विवाद में एक माह पहले सुलह समझौते के बाद जसकरन दीवार का निर्माण करा रहे थे।
मौके पर निर्माण से रोके जाने पुलिस से विवाद के दौरान वीडियो क्लिपिंग बना रहे युुवक से मोबाइल छीनने के प्रयास में सिपाही शिक्षक संघ के नेता के मकान में अंदर घुसा था। जसकरन की पत्नी केशवती ने सिपाही पर घर में महिलाओं से अभद्रता करने अनाज आदि फेंकने व मारपीट करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी।
लेकिन सिपाही को मकान में बंधक बनाए जाने की घटना से आक्रोशित पुलिस ने सिपाही रवींद्र यादव की तहरीर पर जसकरन इनके पुत्र नीरज पत्नी केशवती व शिक्षक संघ के ब्लॉक महामंत्री संतलाल तथा कथित तौर पर वीडीओ क्लिपिंग बना रहे इनके पुत्र राजेंद्र समेत 18 लोगो के खिलाफ पुलिस से मारपीट कर दहशत फलाने समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस जसकरन व नीरज को जेल भेज दिया है। पुलिस की अब तक की जांच में विवादित निर्माण रोकने के लिए शिकायत करने वाले का नाम उजागर नहीं हो सका है। बंधक बने सिपाही के अनुसार फोन पर मिली सूचना के आधार पर एसआई के साथ गांव में निर्माण कार्य रोकने गए थे।
इसके अलावा घटना के बाद से गांव में कई चक्कर पुलिस के दबिश देने से ग्रामीण दहशत में हैं। घटना में पुलिस से अरोपित नामजद समेत कई अज्ञात होने के कारण अपना नाम शामिल किए जाने के भय से लोगाें ने पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है।
थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने कहा सिपाही की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा महिलाओं के शिकायती पत्र की जांच हो रही है। अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी।