दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद पूरा परिवार बेहोश हुआ तो युवती प्रेमी और उसके दोस्त के साथ भाग गई। जाते-जाते वह घर से नगदी और जेवर भी ले गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से उसके सातों परिजनों को सीएचसी पहुंचाया।
हालत बिगड़ने पर उन्हें बुलंदशहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने प्रेमी युगल समेत तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला लौधई गांव का है जहां प्रवीन कुमार शर्मा की बेटी कृष्णा ने इसी साल शिकारपुर के एक महाविद्यालय से बीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
पढ़ाई के दौरान उसके थाना अहमदगढ़ के दत्यारी गांव निवासी युवक योगेश पुत्र जगपाल से प्रेम संबंध बने। शनिवार रात दस बजे योगेश अपने दोस्त सोनू के साथ गांव आया। कृष्णा ने प्रेमी योगेश के बहकावे में आकर शनिवार रात करीब 11 बजे दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर अपने पिता प्रवीन, मां समुन(42), बहन राधा(20), रूपा(17), निधि(12), तृप्ति(15) और भाई अवि(6) को पिला दिया।
सभी बेहोश हो गए तो वह पांच हजार रुपये, एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक सोने की चेन व एक जोड़ी पाजेब चांदी समेटकर अपने प्रेमी योगेश और उसके दोस्त सोनू के साथ बाइक पर चली गई। उसके जाने के बाद प्रवीन को कुछ होश आया तो उसने पड़ोसियों के जरिए पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से सभी को सीएचसी पहुंचाया। वहां हालत बिगड़ने पर सभी को बुलंदशहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया । पुलिस ने प्रवीण की तहरीर पर कृष्णा, योगेश और सोनू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पिता प्रवीण की तहरीर पर युवती कृष्णा, उसके प्रेमी योगेश और उसके दोस्त सोनू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। युवती व उसके प्रेमी और उसके दोस्त की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।- पंकज कुमार पांडेय, एसपी देहात