लेनदेन के विवाद में परिचित ने घर में घुस कर युवती को गोली मार दी। ग्रामीणों ने भाग रहे आरोपी को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं घायल युवती को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह दस बजे नारऊ गांव निवासी शिवानी पुत्री स्व. रमेश अपनी मां सत्तो के साथ घर पर बैठी थी। आरोप है कि इसी दौरान परिवार का परिचित अलीगढ़ स्थित जमालपुर निवासी साबिर घर पर पहुंचा। उसका पहले से ही रुपये के लेन-देन को लेकर मनमुटाव चल रहा था।
किसी बात पर आरोपी साबिर की शिवानी से कहासुनी होने लगी। इसी बची गुस्साए साबिर ने तमंचे से शिवानी पर फायरिंग कर दी। गोली शिवानी के कंधे पर लगी और वह लहूलुहान होकर गिर गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े।
लोगों को आता देख आरोपी साबिर भागने लगा लेकिन ग्रामीणों ने उसे पीछा कर दबोच लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने आरोपी को सौंप दिया।
उधर, घायल शिवानी को चिकित्सकों ने रेफर कर दिया है। एसओ छतारी ब्रह्मेस कुमार यादव ने बताया कि साबिर पीड़ित परिवार का परिचित था। वह अक्सर युवती के घर आता-जाता था। किसी बात को लेकर उसकी युवती से कहासुनी हो गई थी। घटना की जांच की जा रही है।