जाखल रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे एक युवक की फिसलने से मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। रेलवे पुलिस ने शव की पहचान करवाने के लिए उसे टेाहाना के शवगृह में रखवाया है। युवक की पहचान को लेकर रेलवे पुलिस कार्रवाई में लगी हुई है। शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े 8 बजे सूचना मिली कि प्लेटफार्म नंबर 2 से जा रही फिरोजपुर मुज्जफरपुर स्पेशल ट्रेन जाखल से रवाना हो रही थी तो करीब 30 वर्षीय एक युवक ने उसमें चढ़ने का प्रयास किया।
रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी कर्मचंद ने बताया कि चलती ट्रेन में चढ़ते समय वह अपना संतुलन खो बैठा। जिससे वह फिसलकर ट्रेन के नीचे जा गिरा। ट्रेन की चपेट में आते ही उसकी दोनों टांगे कट गई। घटना की सूचना रेलवे पुलिस को मिली तो एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास कुछ भी नहीं मिला। युवक ने लाल रंग की टी-शर्ट व पैंट पहने तथा पैरों में स्पोर्ट्स शूज पहने थे।