छात्रा से गैंगरेप के मामले में आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने अगौता थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। रविवार दोपहर 12 बजे पीड़िता के परिजनों समेत ग्रामीणों को सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपी अगौता थाने पर है।
सूचना मिलने पर 25-30 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अगौता थाने पर आ धमके और उन्होंने सीओ सिकंद्राबाद के सामने हंगामा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि हमें आरोपियों के चेहरे दिखाए जाएं ताकि हम आरोपियों की पहचान कर सके । पुलिस ने आरोपियों को दिखाने से साफ मना कर दिया।
इससे ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क गया। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि पुलिस ने किसी भी आरोपी को बचाने का प्रयास किया तो पुलिस के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। बाद में सीओ सिकंदराबाद यशवीर सिंह ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हे शांत किया।
हंगामे के दौरान गायब रहे एसओ साहब
जिस समय ग्रामीण थाने पर हंगामा कर रहे थे उस समस एसओ प्रभात कुमार वर्मा थाने में ही मौजूद थे लेकिन उन्होंने ग्रामीणों के सामने आने की हिम्मत नही जुटाई। ग्रामीण के जाने के बाद ही एसओ अपने ऑफिस से निकलकर बाहर आए।