फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सफाईकर्मियों ने ‘माननीयों’ को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

Sat, 26 Dec 2015 10:30 PM IST
अमर उजाला, बुलंदशहर
विज्ञापन
विज्ञापन
नगर पालिका की बोर्ड बैठक में जैसा सोचा गया था, उससे कहीं ज्यादा हो गया। कर्मियों और सभासदों में जमकर भिड़ंत हो गई।
विज्ञापन


सदन के अंदर ही जमकर लात-घूसे चले। सफाईकर्मियों ने दो सभासदों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारपीट में तीन कर्मचारी और दो सभासद बुरी तरह घायल हो गए।

नगर कोतवाली में दोनों पक्षों की तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।

नगर पालिका बोर्ड बैठक शुरू होने के बाद विशेष प्रस्ताव संख्या 294 पर बहस शुरू हो गई। कर निर्धारण में फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए सभासद योगेश गुप्ता ने कर निर्धारण अधिकारी भोलानाथ गौतम पर कार्रवाई करने की मांग शुरू कर दी।

करीब आधा घंटे तक इसी पर नोंकझोंक होती रही। इसके बाद सभासद योगेश गुप्ता कार्रवाई न होने पर सदन के अंदर ही भूख हड़ताल पर बैठ गया। इसी दौरान सफाई कर्मचारी चेयरपर्सन और ईओ को अपना मांग पत्र देने पहुंचे।
विज्ञापन


आरोप है कि मांगपत्र देने के दौरान सभासद योगेश गुप्ता, मोहम्मद उमर और कर्मचारी नेता शिव कुमार, बिट्टू आदि के बीच तीखी झड़प शुरू हो गई। आरोप है कि सभासद ने कर्मचारी पर कुर्सी उठाकर मारी।

इसके बाद कर्मचारी भड़क गए। सभासद योगेश गुप्ता और मोहम्मद उमर पर सफाई कर्मचारी टूट पड़े। दोनों तरफ से जमकर लात-घूसें चले। आरोप है कि सभासद ने सफाईकर्मी बिट्टू के सिर पर ईंट से वार किया।

इसके बाद सफाईकर्मियों ने सभासद योगेश गुप्ता और मोहम्मद उमर को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। दोनों सभासदों को कर्मचारियों ने लात-घूसों पीटा। जान बचाने को दोनों सभासद कोतवाली की तरफ भागे।

हंगामा देख पुलिसकर्मियों ने दौड़कर सभासदों की जान बचाई। दोनों तरफ से हुई मारपीट में सभासद योगेश गुप्ता, सभासद मोहम्मद उमर, सफाईकर्मी बिट्टू, सफाईकर्मी शिव कुमार और एक अन्य संविदाकर्मी के गंभीर चोट आई है।

दोनों पक्षों की तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी।

पहले ही लिखी जा चुकी थी पटकथा
चार महीने बाद हुई बोर्ड बैठक में हंगामे की पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी। सूत्रों का कहना है कि दोनों गुटों के कुछ सभासद पहले ही हंगामे की तैयारी करके आए थे।

लेकिन हंगामे के दौरान सफाई कर्मियों की एंट्री ने पूरा खेल बदल दिया। सभासदों के दो गुटों के बीच होने वाला हंगामा सभासद और कर्मियों के बीच बदल गया।

पहले ही प्रस्ताव पर क्यों अटके
आमतौर पर बोर्ड बैठक प्रस्तावों पर बिना चर्चा किए ही निपट जाती है। सदन प्रस्तावों पर बिना चर्चा ही किए ही पास कर देता था। लेकिन चार माह बाद हुई चर्चित बोर्ड बैठक पहले ही प्रस्ताव पर अटक गई।

पहले ही प्रस्ताव पर करीब पौन घंटे तक चर्चा होती रही, जबकि आम तौर पर ऐसा देखने को नहीं मिलता। सूत्रों का दावा है कि जान-बूझकर टैक्स से जुड़े प्रस्ताव पर इतनी देर की गई। ताकि इस पर विवाद हो और बोर्ड बैठक हंगामे की भेंट चढ़ जाए।

सदन से पहले भिड़े सभासदों के दो गुट
सफाईकर्मियों का आरोप है कि कुछ सभासद सदन में पहले से ही भिड़ रहे थे। सदन से पहले भी सभासदों के दोनों गुटों में तीखी नोंकझोंक हुई थी।

सफाईकर्मी नेता शिव कुमार का कहना है कि वह मांगपत्र देने गए थे। सभासद बेवजह उन्हें निशाना बनाने लगे और उनके मारपीट की।

मारपीट देख गायब हो गए कई सभासद
दोनों गुटों में रहने वाले कुछ सभासद मारपीट होता देख तेजी से खिसक लिए। यह वह सभासद हैं जो बोर्ड बैठक से पहले चेयरपर्सन गुट में रहते हैं और बोर्ड बैठक के बाद ईओ गुट में।

जब मारपीट और हंगामा बढ़ा तो यह सभासद कुछ समझ नहीं पाए। एक गुट में खड़े रहने की परेशानी देखते हुए यह सभासद पहले ही खिसक लिए।

पहली बार हुई ऐसी घटना
बुलंदशहर नगर पालिका बोर्ड बैठक के इतिहास में पहली बार इस प्रकार की घटना हुई है। इससे पहले कभी भी बोर्ड बैठक के दौरान सभासदों और कर्मचारी या किसी भी प्रकार की मारपीट देखने को नहीं मिली।

मैं टैक्स से जुड़े मुद्दे पर चर्चा कर रहा था। ईओ के इशारे पर सफाईकर्मियों ने मुझे पीटा। मैंने किसी भी सफाईकर्मी पर हाथ नहीं छोड़ा।-योगेश गुप्ता, सभासद

बोर्ड बैठक के दौरान जो कुछ हुआ, वह निंदनीय है। बैठक के दौरान कर्मचारियों का हस्तक्षेप करना अनुचित था। मैं पूरे प्रकरण की घोर निंदा करती हूं।-पिंकी गर्ग, चेयरपर्सन, नगर पालिका

पूरी घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सदन में सभासदों के बीच हंगामा चल रहा था। इसी दौरान सफाईकर्मी मांगपत्र देने पहुंचे। सभासद और कर्मियों के बीच मारपीट हुई।  -एके सिंह, ईओ, नगर पालिका
विज्ञापन


सभासद द्वारा सफाईकर्मी से गाली-गलौच की गई। सफाईकर्मी पर ईंट से प्रहार किया गया। जिसमें सफाईकर्मी बुरी तरह घायल हुआ। इसके कारण कर्मी उत्तेजित हो गए। -शिव कुमार, सफाईकर्मी नेता
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें