भटौना गांव के चौ.चरण सिंह इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को क्षेत्र में बढ़ते अपराधों एवं पुलिस निष्क्रियता के विरोध में महापंचायत हुई। इसमें लोगों ने पुलिस निष्क्रियता पर रोष जताया। बाद में एसपी सिटी ने सभी वारदातें खोलने का आश्वासन दिया। महापंचायत में विधायक विमला सोलंकी ने कहा कि शासन-प्रशासन की ढिलाई से उत्तर प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं।
पुलिस अपराधियों को पकड़ नहीं पाती है। किसान नेता चौ.विजेंद्र सिंह ने कहा कि अपराधों का खुलासा सही होना चाहिए। किसान नेता चौ. सुन्दरपाल सिंह तेवतिया और कदीम आलम ने कहा कि थानों में दलालों का बोलबाला है। इसलिए अपराधों पर अंकुश नहीं लग पाता।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष कै.बिशन सिंह सिरोही, चौ.हरवीर सिंह, भाकियू नेता वीरपाल सिंह तेवतिया, देवेंद्र सिंह खटाना, जगवीर सिंह नत्थूगढ़ी, ग्राम प्रधान केपी सिंह, जयप्रकाश तेवतिया, बिजेंद्र सोलंकी, हरिओम डागर, कुशलपाल सिंह, शीशपाल सिंह, बदरे आलम, सतपाल प्रधान, सुरेशपाल सिंह तेवतिया आदि ने भी पुलिस की कार्यशैली की आलोचना की।
पंचायत में पहुंचे एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने घोषणा की कि 28 सितंबर को विजेंद्री देवी पत्नी विक्रम सिंह निवासी भटौना से लूट व हत्या में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है । एसपी सिटी ने ग्रामीणों को यह भी आश्वस्त किया कि भैंस चोरों, गौकशों व लुटेरों को गैंगस्टर लगाया जाएगा।
एसडीएम सुनील कुमार ने आश्वासन दिया कि मृतका के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री से अधिक सहायता के लिए संस्तुति की जाएगी। पंचायत की अध्यक्षता बाबा सुखपाल ने की तथा संचालन सुन्दरपाल सिंह तेवतिया एवं जयप्रकाश तेवतिया ने किया।
पंचायत में ग्राम भटौना, देवली, नत्थूगढ़ी, कुरली, खुशहालपुर, बराल, सैंठा, महौली, बराल, छपरावत, नया बांस आदि गांवों के लोगों ने भाग लिया।